अब खनिजों की भी ऑनलाइन नीलामी होगी

Shri Mi
3 Min Read

cg_gov_logoरायपुर। राज्य में अब चूना पत्थर, बोल्डर जैसे गौण खनिजों की भी ऑनलाइन नीलामी होगी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निर्देश पर खनिज साधन विभाग ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। केन्द्र सरकार की नई खनिज नीति के अनुसार छत्तीसगढ़ सरकार ने 15 गौण खनिज ब्लॉकों के लिए निविदा आमंत्रण की सूचना (एनआईटी) भी जारी कर दी है। खनिज साधन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार बताया कि गौण खनिजों की खदानों के पट्टों का आवंटन ई-नीलामी के जरिए की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक अथवा ऑनलाइन नीलामी के जरिए गौण खनिज खदानों का आंवटन सम्पूर्ण पारदर्शिता के साथ जल्द से जल्द किया जा सकेगा।

                         अधिकारियों ने बताया कि इसके अंतर्गत पहले फेस में रायपुर, राजनांदगांव, बलौदाबाजार-भाटापारा और बिलासपुर जिलों में चूना पत्थर, गिट्टी, बोल्डर-पत्थर और ईट मिट्टी के लिए चिन्हांकित पंद्रह क्षेत्रों में गौण खनिज पट्टों का आवंटन ई-ऑक्शन से किया जाएगा।

                         इसके लिए खनिज साधन विभाग की ओर से संबंधित जिला कलेक्टरों द्वारा 19 सितम्बर को केन्द्रीय इस्पात मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम-एमएसटीसी के लोकप्रिय ई-नीलामी पोर्टल में एनआईटी जारी कर दी गई है।

                        अधिकारियों ने बताया कि केन्द्र सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा कोयला खदानों के आवंटन के लिए भी नीलामी इसी पोर्टल के जरिए की जाती है। राज्य सरकार ने गौण खनिजों की ई-नीलामी के लिए पांच हजार रूपए का टेंडर शुल्क निर्धारित किया है और चिन्हांकित खनिज की रायल्टी की 20 प्रतिशत राशि रिजर्व प्राईज के रूप में रखी गई है।

                       ऑनलाईन बोली लगाने की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर 2016 तय की गई है। ई-नीलामी से संबंधित जानकारी एमएसटीसी पोर्टल के अलावा खनिज साधन विभाग छत्तीसगढ़ शासन की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी गई है।

                   प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ’डिजिटल इंडिया’ अभियान और देश भर में व्यापार-व्यवसाय के सरलीकरण के लिए चलाए जा रहे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत छत्तीसगढ़ सरकार के खनिज साधन विभाग ने भी राज्य में कई महत्वपूर्ण और ठोस कदम उठाए हैं।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close