बिलासपुर—जिला कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय मंत्री पर निशाना साधा है। निकाय मंत्री के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। कांग्रेस नेताओं ने चुटकी लेते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी अभी तक भगवान राम को राजनीति से बाहर नहीं किया है इससे जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है। मालूम हो कि आडिटोरियम लोकार्पण के दौरान भाजपा नेता ने कहा था कि ऊपर भगवान और छत्तीसगढ़ में रमन का शासन है।
प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर और नेता प्रतिपक्ष शेख नजीरूद्दीन ने अमर अग्रवाल की बयान को गलत बताया है। मुख्यमंत्री रमन सिंह और स्थानीय मंत्री अमर अग्रवाल छ.ग. की जनता के शुभचिंतक नहीं हैं। भाजपा नेता यदि भगवान राम के आदर्शों पर चलते तो छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक आतंकवाद, अराजकता, भ्रष्टाचार, नक्सलवाद जैसी समस्याएं नहीं होती।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है जनता का जीना दूभर हो गया है। नसबंदीकाण्ड मे दो दर्जन से अधिक महिलाओं की मौत, सीवरेज से मौत,नरियरा में पुलिस की पिटाई से दलित युवक की मौत, प्रशासनिक आतंकवाद से राजेन्द्र तिवारी और जीवन मनहर की मौत ने भाजपा सरकार के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार झीरम घाटी में 31 कांग्रेस नेताओं की मौत को प्रदेश की जनता अभी भी नहीं भूली है। आँख फोड़वा काण्ड, गर्भाशय काण्ड, बस्तर में अर्द्धसैनिक बल, पुलिस और आम जनता की मौत ने प्रदेश की अमन चैन की जिन्दगी में जहर घोल दिया है। बस्तर में कन्या छात्रावास में दैहिक शोषण, किसानों की आत्महत्या, मीना खलखो का मामला आज भी जनता को याद है।