कुपोषण मिटाने में छत्तीसगढ़ अव्वल

Shri Mi
3 Min Read

cg_gov_logoरायपुर।विश्व बैंक की मदद से छत्तीसगढ़ में कुपोषण मुक्ति के लिए संचालित इस्निप परियोजना में छत्तीसगढ़ पूरे भारत में पहले नम्बर पर चल रहा है।ये जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दी गयी। मुख्यमंत्री ने इस्निप परियोजना में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान मिलने पर ख़ुशी जाहिर की।विभागीय अधिकारियों ने बैठक में बताया कि पोषण आहार परियोजनाओं और आंगनबाड़ी सेवाओं को अधिक मजबूत बनाना इस्निप परियोजना का उद्देश्य है, ताकि कुपोषण मुक्ति के अभियान को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके। यह परियोजना विश्व बैंक की सहायता से छत्तीसगढ़ सहित देश के आठ राज्यों-बिहार, झारखण्ड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश में संचालित की जा रही है। इनमें छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ पाया गया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                            डॉ. रमन सिंह ने बैठक में आंगनबाड़ी केन्द्रों के काम-काज, महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री अमृत योजना और पोषण आहार वितरण के लिए संचालित रेडी-टू-ईट परियोजना की भी समीक्षा की।सीएम ने कुपोषण मुक्ति के लिए आंगनबाड़ी सेवाओं के साथ-साथ जनजागरण की जरूरत पर भी बल दिया। बैठक में महिला और बाल विकास विभाग ने प्रेजेंटेशन भी दिया गया।

                           अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कुपोषण मुक्ति के लिए नवाचार के कई प्रयोग किए गए हैं, जिनके सराहनीय नतीजे मिलने लगे हैं। विगत दस वर्ष में राज्य में कुपोषण की दर में 17 प्रतिशत की कमी आई है। आंगनबाड़ी केन्द्रों में वजन त्यौहार मनाया जा रहा है। इसमें प्राप्त आंकड़ों के अनुसार विगत चार वर्ष में कुपोषण की दर वर्ष 2012 के 40.87 प्रतिशत की तुलना में वर्ष 2015 में घटकर 29.87 प्रतिशत रह गई। दत्तक पुत्री सुपोषण योजना के तहत चार हजार 322 बालिकाओं को कुपोषण से मुक्त किया जा चुका है।

                          साथ ही नवाजतन योजना के चार चरणों में लगभग 76 हजार बच्चों को कुपोषण से बाहर निकाला गया है। स्नेह शिविर और सुपोषण चौपाल का भी आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के तहत चार लाख से ज्यादा बच्चों को दवाईयां खरीद कर उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश मे आंगनबाड़ी केन्द्रों में प्रदाय किया जाने वाले टेक होम राशन व्यवस्था का उन्नयन किया जाएगा।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close