बिलासपुर— जिला पटवारी संघ ने तीन जनवरी से अर्जित अवकाश पर जाने का एलान किया है। पटवारी संघ ने सचिव के नाम कलेक्टर कार्यालय को बीस सूत्रीय मांग पत्र दिया है। मांग पूरी नहीं होने पर तीन जनवरी को धरना रैली के बाद सामुहिक हड़ताल की चेतावनी दी है। पटवारियों ने शासन पर भेदभाव का भी आरोप लगाया है।
जिला पटवारी संघ अध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने बताया कि समय समय पर हमने अपनी मांगो को जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार के सामने रखा है। लेकिन शासन ने पटवारियों की आवाज को कभी गंभीरता से नहीं लिया है। मांगो को रद्दी की टोकरी में डाल दिया जाता है। पिछली बार भी ऐसा ही कुछ हुआ। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जब तक मांग नहीं मानी जाती है पटवारी संघ सामुहिक हड़ताल पर रहेगा।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि हमने आज जिला कलेक्टर को सचिव के नाम बीस सूत्रीय मांग मांग पत्र दिया है। इनमें कुछ ऐसी मांग हैं जिन्हें जिला स्तर पर ही पूरा किया जा सकता है। कुछ मांग ऐसी भी हैं जिस पर सरकार को गंभीरता के विचार करना होगा। संतोष पाण्डेय के अनुसार पटवारियों के वर्तमान ग्रेड पे 2200 से बढ़ाकर 2800 करने करने की जरूरत है। हमने शासन से निरीक्षक पदों को सौ प्रतिशत पटवारियों कैडर से भरने को कहा है। इसके अलावा नायब तहसीलदार के पचास प्रतिशत पद पर विभागीय भर्ती करने को कहा है।
संतोष ने बताया कि आधार सीडिंग कार्य में बिना संसाधन दिए पटवारियों से कार्य कराया जा रहा है। जिसके चलते पटवारियों में आक्रोष है। हमने शासन से साल 2015 में नियम विरूद्ध स्थानांतरण आदेश को निरस्त करने को भी कहा है। कार्यावधि के दौरान हुई गलतियों के लिए पटवारियों पर किसी भी प्रकार की पुलिस कार्यवाही से पहले कलेक्टर या सक्षम अधिकारी का आदेश होना जरूरी है। इसके अलावा अन्य प्रमुख मांगो में पटवारी के आकस्मिक मौत पर आश्रित को सीधे पटवारी पद पर ही नियुक्ति करने की मांग की है।
पटवारी संघ अध्यक्ष ने बताया कि यदि दो जनवरी तक सरकार मांगों पर विचार नहीं किया जाता है जिले के सभी पटवारी तीन जनवरी से अर्जित अवकाश का पत्र देकर सामुहिक हड़ताल पर जाएंगे।