रमन बोले शराबबंदी के अभियान को हमारा पूरा समर्थन

Shri Mi
5 Min Read

kisaan_ramanबालोद।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शराब की सामाजिक बुराई के खिलाफ राज्य के बालोद जिले में महिलाओं की भारत माता वाहिनी और महिला कमांडो की पांच हजार सदस्य महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरण अभियान की तारीफ की है। डॉ. सिंह ने कहा है कि शराबबंदी के लिए अभियान चला रही इन महिलाओं को राज्य सरकार का पूर्ण समर्थन और हर संभव सहयोग मिलेगा। उन्हें निःशुल्क यूनिफार्म और व्हीसिल (सीटी) दी जाएगी। डॉ. सिंह ने उन्हें शराब बंदी के अभियान में सरकार की ओर से हर संभव का भरोसा दिया।मुख्यमंत्री रविवार दोपहर बालोद जिले के ग्राम कुसुमकसा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर कुसुमकसा के सरकारी हायर सेकेण्डरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया। डॉ. सिंह ने जिले में विधवा और परित्यक्त महिलाओं को सिलाई बुनाई सहित विभिन्न रोजगार मूलक कार्यों का प्रशिक्षण देने के लिए 10 नये ‘रौशनी केन्द्रों’ का भी शुभारंभ किया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                                    ये नये रौशनी केन्द्र ग्राम नालाकसा, कुमुरकट्टा, बेताल, अर्जुनी, सम्बलपुर, घुमका, अरमरीकला, कालंगपुर, देवरी और रेंगाडबरी में शुरू किए गए हैं। जिले में अब इन केन्द्रों की संख्या 22 हो जाएगी।  डॉ. सिंह ने कुसुमकसा में विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित लगाई गई विकास प्रदर्शनी के स्टालों को भी देखा।

                                                         इस मौके पर सीएम ने क्षेत्र के विकास के लिए 19 करोड़ 20 लाख रूपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया।मुख्यमंत्री के हाथों जनसभा में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले के गरीब परिवारों की ग्यारह हजार महिलाओं को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन की सौगात दी। उन्हें कनेक्शन के साथ डबल बर्नर चूल्हा और पहला सिलेण्डर बांटने की भी शुरूआत की गई। डॉ. सिंह ने प्रतीक स्वरूप 21 महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन दिए।

                                                     डॉ. सिंह ने जिले के पांच हजार किसानों के लिए मृदा (मिट्टी) स्वास्थ्य कार्ड वितरण कार्य का भी शुभारंभ किया और कई किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिए। उन्होंने इसके अलावा प्रतीक स्वरूप पांच किसानों को सौर सुजला योजना के तहत सोलर सिंचाई पम्पों का वितरण किया। उन्होंने निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के हितग्राहियों को चेक और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए।

                                                 जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जिले की लौह अयस्क नगरी दल्लीराजहरा में युवाओं के लिए आवासीय खेल प्रशिक्षण केन्द्र और सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण केन्द्र शुरू करने तथा कुसुमकसा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्वीकृत करने की घोषणा की।सीएम ने यह भी कहा कि दल्लीराजहरा नगर के विभिन्न वार्डों में सीमेंट कांक्रीट सड़क और पेयजल व्यवस्था के लिए दो करोड़ रूपए दिए जाएंगे।

                                                  मुख्यमंत्री ने कहा कि बालोद नया जिला है।क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूर्ण करते हुए राज्य सरकार ने पांच साल पहले वर्ष 2012 में इसका गठन किया था। यह नया जिला तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का यहां अच्छा क्रियान्वयन हो रहा है।

                                                   प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले का डौंडी विकासखंड खुले में शौच मुक्त घोषित हो गया है। अब जरूरत इस बात कि है कि सब लोग मिलकर सम्पूर्ण जिले को अगले छह माह के भीतर खुले में शौचमुक्त जिला बनाने का संकल्प लें।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close