इस बार संकल्प पर्व के रूप में मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस,छग में भी तैयारी शुरू

Shri Mi
4 Min Read

images (1)रायपुर।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के अनुरूप इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस को ’संकल्प पर्व’ के रूप में मनाने की तैयारी छत्तीसगढ़ सरकार ने भी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अधिकारियों को सभी जिलों में व्यापक जनभागीदारी से संकल्प पर्व का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संकल्प दिवस के अवसर पर सभी गांवों में अंग्रेजों के खिलाफ वर्ष 1942 में देश में हुए ’भारत छोड़ो आंदोलन’ की 75वीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी।राज्य सरकार के पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग ने मंत्रालय से इस सिलसिले में प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया गया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                         परिपत्र में केन्द्र सरकार के निर्देश का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस ’संकल्प पर्व’ के रूप में मनाया जाए, जिसमें ’संकल्प से सिद्धी’ तक का संकल्प लिया जाए। यह संकल्प एक नये जनआंदोलन ’संकल्प से सिद्धी’ का जनक होगा।

                                 विभाग के अपर मुख्य सचिव एम.के. राउत द्वारा जारी परिपत्र में यह भी कहा गया है कि 15 अगस्त की सुबह स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ हर गांव में प्रभात फेरी का आयोजन किया जाए, जिसमें स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थी, युवा और स्वयं सेवी सदस्यों सहित ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को भी शामिल किया जाए। देश के छह प्रमुख शत्रुओं-गंदगी, गरीबी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जातिवाद और सम्प्रदायवाद हैं। इन शत्रुओं को भारत से बाहर निकालने की प्रतिज्ञा ली जाए। इसके अलावा सभी गांवों में ’भारत छोड़ो आंदोलन’ की 75वीं वर्षगांठ का आयोजन किया जाएगा।

                          जनपद पंचायतों और जिला पंचायतों द्वारा सभी ग्राम सभाओं के सदस्यों को छपे हुए संकल्प पत्रों का वितरण किया जाएगा, जिसमें सामूहिक और व्यक्तिगत प्रतिज्ञा का भी प्रावधान रहेगा। ग्राम सभाओं में सदस्य के रूप में शामिल सभी ग्रामवासी संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे। संकल्प पत्र जिला पंचायतों द्वारा एकत्रित कर उनके बारे में पंचायत संचालनालय को जानकारी दी जाएगी।

                         शपथ के बाद ग्राम सभाओं में ’नया भारत मंथन’ विषय पर परिचर्चा भी आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें ग्राम सभा के सदस्य ’वर्ष 2022 में भारत कैसा हो’ विषय पर चर्चा करेंगे और नये भारत के लिए अपने योगदान का भी उल्लेख करेंगे। आयोजन में आम जनता को नये भारत पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। परिपत्र में बताया गया है कि इस संबंध में लोग वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटन्यूइंडियाडॉटइन (www.newindia.in) के जरिए भी अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं।

                     ग्राम पंचायतों द्वारा ’नया भारत मंथन’ विषय पर परिचर्चा में मनरेगा श्रमिकों, स्व-सहायता समूहों के सदस्यों और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के हितग्राहियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि सभी लोगों के विचारों के निष्कर्ष के आधार पर आवश्यकतानुसार नीतिगत निर्णय लिए जा सकें।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close