पांच हजार दिनों की सफलता का श्रेय आम जनता को-डॉ. रमन

Shri Mi
3 Min Read

3F4D31FE8F73078C98747F492528180Bरायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपनी सरकार के प्रथम पांच हजार दिनों की सफलता का श्रेय आम जनता को दिया है और इसके लिए प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने कहा-मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि मुझे प्रदेश की जनता और हमारे नेतृत्व ने यह अवसर दिया। जनता की सेवा करने का जो सपना मन में था, उसको पूर्ण करने का मौका देने के लिए मैं प्रदेश की जनता को, अपने शीर्ष नेतृत्व को और सभी कार्यकर्ताओं को दिल की गहराईयों से धन्यवाद देता हूं। मुख्यमंत्री आज सवेरे आकाशवाणी के रायपुर केन्द्र से अपनी मासिक रेडियो वार्ता ’रमन के गोठ’ की 24वीं कड़ी में प्रदेशवासियों को सम्बोधित कर रहे थे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                         डॉ. सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने रेडियो प्रसारण में कहा कि श्री वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की परिकल्पना को साकार किया। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को आदर्श राज्य बनाने के उनके सपने को पूरा करने में लगे हुए हैं।

                             मुख्यमंत्री ने कहा-मुझे खुशी है कि आज राज्य के निर्माण और विकास की इस यात्रा में हम सफल हुए हैं। उन्होंने वर्ष 2003 से अब तक अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा-तब राज्य का बजट केवल सात हजार करोड़ था, आज 80 हजार करोड़ से ज्यादा का हो गया है।

                         मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत पांच हजार दिनों में छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नये अस्पताल खुले हैं और नये डॉक्टरों की भर्ती हुई है। शिशु मृत्यु दर 76 से घटकर 41 और मातृ मृत्यु दर 407 से घटकर 221 हो गई है। प्रदेश के सभी परिवारों को स्मार्ट कार्ड के जरिए स्वास्थ्य बीमा की सुविधा देने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है। महिलाओं को पंचायत चुनावों से लेकर सरकारी नौकरियों तक आरक्षण दिया गया है। महिला स्व-सहायता समूहों को विभिन्न व्यवसायों के लिए सिर्फ 3 प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा दी जा रही है। विभिन्न सरकारी योजनाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाकर महिला सशक्तिकरण का अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सरकार के नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरगुजा और बस्तर में मेडिकल कॉलेज और सभी 27 जिलों में लाइवलीहुड कॉलेज हमारे नवाचार के सफल मॉडल का प्रतीक है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close