किसान ने किया कीटनाशक दवा का सेवन…जिला अस्पताल में भर्ती…3 लाख रूपए की कर्ज से था परेशान

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बालोद— बालोद जिले के बीरेतेरा निवासी किसान ने शनिवार 9 जून को कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया है। आनन फानन में लोगों ने किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। किसान का नाम ओमप्रकाश उम्र 52 साल है। हालत में सुधार होने के बाद पुलिस ने किसान का बयान दर्ज कर लिया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                   शनिवार को बालोद जिला बीरेतरा निवासी किसान ओमप्रकाश ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया है। लोगों ने समय रहते ओमप्रकाश को जिला अस्पताल में भर्ती किया है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश फसल बरबाद होने के बाद परेशान था। कर्ज भी बहुत था। बैंक और अन्य निजी कर्जदार लगातार परेशान कर रहे थे।

                    ओमप्रकाश का गांव बालोद जिले से महज 16 किलोमीटर दूर स्थित है। अपने बयान में ओम प्रकाश ने बताया कि उसने कुल 6 एकड़ जमीन पर धान की फसल लगाई। इसमें 2 एकड़ खुद की जमीन पर है। जबकि 4 एकड़ जमीन रेगहा पर लिया था। बारीश नहीं होने से फसल बरबाद हो गयी। 6 एकड़ में मात्र एक गाडा ही धान हुआ है।

                      ओमप्रकाश ने बताया है कि जितना कर्ज लिया था उसे चुकाने की स्थिति में नहीं हूं। उसने बताया कि सिर्फ कर्ज के कारण आत्महत्या करना चाहता है। कर्ज चुकाने के लिए उसके पास कोई आमदनी का साधन भी नहीं है। बताया जाता है कि किसान का सेवा सहकारी समिति पोंड़ी में भी एक लाख का कर्ज है। साहूकार और कृषि केंद्रों को मिलाकर उस पर कुल तीन लाख रूपए का कर्ज है। परेशान होकर कीटनाशक दवा पी लिया।

             जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में भर्ती के बाद फिलहाल ओमप्रकाश खतरे से बाहर है।  हॉस्पिटल में इलाज अभी भी चल रहा है।

close