बेटियां बढ़ा रही हैं परिवार का मान-अमर अग्रवाल,राज्यभर की 422 मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित

Shri Mi
2 Min Read

बिलासपुर।नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने मेधावी छात्राओं का सम्मान किया।दसवीं, बारहवीं और दक्षता प्राप्त खिलाड़ियों को श्री अग्रवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।  प्रदेशभर से आयी 10वीं और 12वीं की 422 छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री ने कहा कि भारत इकलौता ऐसा देश जिसे माता कहकर संबोधित किया जाता है। हमारा देश संस्कृति, प्राचीन इतिहास और मातृत्व शक्ति को प्रधानता देता है। जिस देश में मातृ शक्ति की प्रधानता हो वहां बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की आवश्यकता ही नहीं पड़नी चाहिये। आज हमारे देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं। खेलकूद के साथ पढ़ाई में लड़कियां लड़कों से अव्वल हैं।मंत्री अमर ने कहा कि मुझे खुशी है कि जब भी कोई रिजल्ट आता है तो लड़कियां लड़कों से बाजी मार लेती हैं।

आज के दौर में लड़कियां किसी मायने में लड़कों से कम नहीं है। ऐसे में लड़का लड़की में कोई अंतर नहीं होना चाहिये। उन्होंने कहा कि माता-पिता को लड़कियां कभी वृद्धाश्रम छोड़ने नहीं जाती हैं। वे हमेशा माता-पिता की सेवा करती हैं। उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि हमारा छत्तीसगढ़ राज्य लिगानुपात के मामले में कई राज्यों से बेहतर है।

इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की जिला संयोजक  विभा गौरहा ने कहा कि बेटियों की सफलता बताती है कि वे किसी से कम नहीं हैं। उनकी मेहनत प्रत्येक क्षेत्र में सामने आ रही है। हमारे राज्य की लड़कियां हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी होनी चाहिये। इस अवसर पर सांसद लखनलाल साहू, महापौर किशोर राय, रजनीश सिंह उपस्थित रहे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close