मुझे अपने शहर और जनता पर गर्व…मंत्री ने बताया बदलेगी बिलासपुर की तस्वीर…सम्मान पर सामुहिक अधिकार

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर– सरकार और मंत्री केवल नीति बनाते हैं। योजनाओं का संचालन कर्मचारी करता है। लेकिन बिना समाज और समुदाय के सहयोग से कोई भी योजना फलीभूत नहीं हो सकती। यह बातें निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने निगम अधिकारी,पत्रकार,सफाई कर्मचारियों के सम्मान समारोह के दौरान कही। अमर ने कहा कि इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि मंत्री एसी में बैठकर नियम कानून बनाते हैं। लेकिन जब तक समाज के सभी धड़ों का सहयोग नहीं होता परिणाम सार्थक नहीं निकलता है। योजनाओं की सफलता में समाज के सभी वर्गों का अपना अपना योगदान होता है। देश में बिलासपुर को स्वच्छता अभियान में 22 वां और प्रदेश को दूसरा स्थान हासिल हुआ है। इसका सारा श्रेय हमारे सफाई कर्मचारी पत्रकार बन्धु और निगम अधिकारियों को जाता है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                   निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने एक निजी प्रतिष्ठान में पत्रकार,निगम अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता अभियान में अहम् योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेन्टम देकर सम्मानित किया। अपने भाषण में निकाय मंत्री ने कहा कि मैं नियम एसी में बैठकर बनाता हूं। इस बात से कभी इंकार नहीं करता। लेकिन कार्यक्रम की सफलता श्रेय केवल और केवल कर्मचारियों, पत्रकारों और समाज के एक-एक व्यक्ति को जाता है।

      मंत्री ने ने कहा मुझे प्रधानमंत्री के हाथों प्रदेश ही नहीं बल्कि बिलासपुर शहर का सम्मान हासिल करने का अवसर मिला। बताना चाहूंगा कि मैंने बिलासपुर और प्रदेश की तरफ से प्रतीकात्मक सम्मान लिया है। सच तो यह है कि सम्मान का असली हकदार मेरी बिलासपुर की जनता हैं। प्रधानमंत्री के हाथों सम्मान हासिल करते समय मुझे बिलासपुर विधायक होने का गर्व महसूस हुआ है। मुझे अपनी बिलासपुर की जनता से बेहद प्यार और लगाव है। जिन्होने मुझे इस पुरस्कार लेने के काबिल बनाया।

                        अमर ने कहा प्रश्न पूछे जाते हैं  कि बिलासपुर सफाई अभियान में अव्वल नम्बर कब आएगा। बताना चाहूंगा कि जब 22 वें स्थान में आ गए हैं तो एक बिलासपुर को एक नम्बर पर आने से कोई नहीं रोक सकता है। क्योंकि बिलासपुर के लोग जब ठान लेते हैं..उसे हासिल कर ही लेते हैं। जल्द ही कछार में वेस्ट प्लांट शुरू हो जाएगा। एक जुलाई से शहर में मैकेनाइज्ड सफाई अभियान शुरू हो जाएगा। जनता जागरूक है। जाहिर सी बात है कि वह अपना हक हासिल कर के ही रहेगी। पूरा विश्वास है कि सफाई अभियान में बिलासपुर देश का रोल मॉडल बनेगा। इसकी बानगी जल्द ही लोगों को देखने को मिलेगी।

                         मंत्री अमर ने सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता अभियान में मिली उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होने कहा कि पत्रकारों ने स्वच्छता अभियान में पसीना बहाया है। निगम अधिकारियों ने दिन रात एक कर काम किया है। जनता ने पूरे अभियान में भरपूर समर्थन किया है।

                  सम्मान कार्यक्रम में मंच पर निकाय मंत्री अमर अग्रवाल के अलावा,महापौर किशोर राय,निगम सभापति अशोक विधानी, हरिभूमि संपादक प्रवीण शुक्ला,दैनिक भास्कर संपादक विपुल गुप्ता,पत्रिका संपादक वरूण सखा,नई दुनिया संपादक, सीजीवाल प्रधान संपादक रूद्र अवस्थी,नवभारत संपादक निशांत शर्मा आईबीसी वरिष्ठ पत्रकार विश्वेष ठाकरे, प्रदेश के सफाई दूत और नवरत्न हरीश केडिया,डॉक्टर देवेन्द्र सिंह समेत गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

close