ऋचा जोगी का एलान…4 जुलाई को करेंगे विधानसभा का घेराव…कहा शांति मार्च पर किया गया पुलिस बल प्रयोग

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर–जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-ने बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक,गुंडरदेही विधायक राजेंद्र राय और ऋचा अमित जोगी की अगुवाई में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जनता कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने 2013 के चुनावी घोषणा पत्र को आज तक पूरा नहीं किया है। सरकार ने केवल जुमलों के सहारे पांच साल काट दिये। घोषणा पत्र में किए गए एक भी वादे को आज तक पूरा नहीं किया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

             जनता कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जुमलेबाजी और वादाखिलाफ़ी का आरोप लगाया है। जनता कांग्रेस नेताओं ने रायपुर में प्रदेश भाजपा कार्यालय से छत्तीसगढ़ विधानसभा तक धान की बालियों और 2013 भाजपा के घोषणा पत्र के साथ पैदल कूच किया। लेकिन पुलिस ने सभी नेताओं को मंडी चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और नेताओं में झूमाझटकी भी हुई। ऋचा अमित जोगी ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘प्रदेश सरकार का यह आखिरी साल और आखिरी सत्र साबित होने वाला है। जनता सब देख रही है।

        ऋचा जोगी ने बताया कि जनता कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता शांतिपूर्ण पैदल मार्च कर रहे थे। बावजूद इसके भाजपा सरकार ने पुलिस बल का प्रयोग कर लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होने कहा कि 2013 में घोषणा पत्र में किए गए किसी वादे को सरकार ने पूरा नहीं किया है। वादों को याद दिलाने जनता कांग्रेस नेताओं ने भाजपा कार्यालय से विधानसभा तक पदयात्रा का फैसला किया। लेकिन पुलिस ने बलप्रयोग कर सभी को बीच में मंडी चौक में गिरफ्तार कर थाना भेज दिया।

      ऋचा जोगी ने कहा कि यदि सरकार ने वादों को पूरा नहीं किया तो जनता कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता किसानों, महिलाओं, युवाओं के साथ 4 जुलाई को विधानसभा का घेराव करेंगे। बेहतर होगा कि सरकार शराब बंदी, ग़रीबों को पट्टे वितरण का एलान जल्द से जल्द करे। पैदल यात्रा में सियाराम कौशिक,आरके राय,श्रीमती ऋचा अमित जोगी,ओमप्रकाश देवांगन, विनोद तिवारी, टिकेश प्रताप सिंह,समीर अहमद,जीतू ठाकुर,पंकज तिवारी,गजेंद्र श्रीवास्तव,विकास दुबे ,प्रदीप साहू,सहित सैकड़ों जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के कार्यकर्ता शामिल हुए।

Share This Article
close