बारिश में कांग्रेसियों की रैली…एसडीएम कार्यालय का किया घेराव..महंत ने कहा…किसानों का करेंगे कर्ज माफ..बिजली बिल आधी

BHASKAR MISHRA
7 Min Read
बिलासपुर—जिला कांग्रेस कमेटी ने हजारो किसानों के साथ पेन्ड्रा स्थित एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेसियों के साथ किसानों के उत्साह को इन्द्र देवता भी डिगा नहीं पाए। भीगते पानी में किसान और कांग्रेसियों ने भारत माता की जयकारे लगाए। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पेन्ड्रा तहसील घेराव अभियान की अगुवाई पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ.चरण दास महंत और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने की। बरसते पानी में कांग्रेसी नेताओं ने संजय चौक गौरेला से लगभग डेढ़ किलोमीटर की पदयात्रा कर किसानों की मांग पत्र को राज्यपाल के नाम एसडीएम को दिया। कांग्रेसियों ने बताया कि फसल बीमा और सूखा राहत का लाभ अभी तक किसानों को नहीं दिया गया है। यदि किसानों को न्याय नहीं मिला तो अब उग्र आंदोलन किया जाएगा।
                     जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री चरणदास महंत और विजय केशरवानी की अगुवाई में किसानों के साथ गौरेला में जंगी प्रदर्शन किया। संजय चौक गौरेला में कांग्रेस नेता चरणदास महंत और विजय केशरवानी समेत वरिष्ठ कांग्रेसियों ने किसानों को संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि खाद, बीज, कीटनाशक की जमकर कालाबाजारी हो रही है। समर्थन मूल्य,फसल बीमा, सूखा राहत के नाम पर सरकार चहेतों के साथ ठगी कर रही है।
                         प्रदेश चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष डाॅ. चरण दास महंत ने भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार पर गौरेला के संजय चौक पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि राज्य में कृत्रिम बीज संकट पैदा किया जा रहा है। दोनों सरकार किसानों के नाम पर झूठ की राजनीति कर रही है। बिलासपुर के किसानों का खून पसीना प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को नजर नहीं आता है। राजनांदगांव के किसानों को 465 करोड़ की सौगात दी जाती है। बिलासपुर जिले के किसानों को मात्र 80 करोड़ का झुनझुना थमाकर मुंह बंद किया जा रहा है। किसानों को फसल बीमा के नाम पर दो चार रूपए देकर सरकार मुंह चिढ़ा रही है।
                     महंत ने कहा मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के किसानों को 85 पैसा और 40 पैसा तक की बीमा राशि दी गयी है। दरअसल सरकार किसानों के खून पसीने का उपहास उडा रही है। भाजपा नेता लच्छेदार भांषण देकर किसानों को छल रहे हैं। मोबाईल वितरण कर युवाओं को तो टीफिन बांटकर मजदूरों के वोट पर डाका डाला जा रहा है। महंत ने युवाओं मजदूरों और किसानों को सावधान किया। उन्होने बताया कि प्रलोभन देकर वोट हथियाने की साजिश तैयार हो रही है।
किसानों का कर्ज माफ
                      डाॅ. महंत ने बताया कि राहुल गांधी ने कोेटमी सभा में ऐलान किया है कि कांग्रेस सरकार बनते ही 10 दिनों के अन्दर किसानों का कर्ज माफ हो जाएगा। बिजली बिल आधी हो जाएगी। ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। प्रदेश और जिले में किसानों का पानी उद्योगपतियों को दिया जा रहा है। कांग्रेस सरकार में किसानों का पानी किसानों को ही दिया जाएगा।
मेगा फूड पार्क की अनदेखी
                      महंत ने बताया कि प्रदेश में प्रति वर्ष 50 हजार करोड़ की फल, सब्जी, मछली, दूध खराब हो जाता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए मनमोहन सरकार ने राज्य में दो मेगा फूड पार्क बनाने की योजना मंजूर की थी। लेकिन राज्य की भाजपा सरकार ने योजना को जमीन, बिजली, परमिशन में ऐसा उलझाया कि फूड पार्क पर काम नहीं हुआ। समय आ गया है कि किसानों की अनदेखी करने वाली सरकार को सबक सिखाया जाए।
धर्म की राजनीति पर निशाना
                       महंत ने कहा कि सिपाही से लेकर कलेक्टर तक शराब बेचने में लगे हैं। देश का प्रधानमंत्री कांग्रेस को मुस्लिम पुरूषों की पार्टी बताते हैं। देश में  धर्म के नाम पर लड़ाने का साजिश रची जा रही है।
संवेदनहीन सरकार
                         जिला कांग्रेस विजय केशरवानी ने क्षेत्र के पिपराही गांव के आदिवासी किसान सुरेश मरावी की कर्ज से परेशान होकर  आत्महत्या के बात को सबके सामने रखा। केशरवानी ने कहा कि प्रदेश के किसान से लेकर आम जनता तक भ्रष्टाचार से परेशान हैं। कर्ज को लेकर एक दर्जन से अधिक किसानों ने आत्महत्या की है। बावजूद इसके सरकार में बैठे मत्रियों का कहना है कि किसान आत्महत्या नहीं बल्कि अपने परेशानियों के चलते आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन किसान,युवा,मजदूर और आम जनता संवेदनहीन भाजपा सरकार को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।
जनता भाजपा के छल, लोभ की राजनीति और बहुरूपियों को पहचान चुकी है। जल, जंगल, जमीन, तालाब, नदियों की रक्षा के लिए कमर कसकर तैयार बैठी है। केशरवानी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के निर्देश पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता अन्नदाता किसानों को न्याय दिलाने तहसीलों का घेराव कर सरकार को चेतावनी देना चाहती है कि अन्याय को बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
मुसलाधार बारिश में पदयात्रा
                         संजय चौक में सभा को संबोधित करने के बाद कांग्रेस नेताओ ने किसानों,गरीबों और युवाओं के साथ एसडीएम कार्यालय तक मुसलाधार पानी में पदयात्रा की।  डाॅ. चरणदास महंत और विजय केशरवानी की अगुआई में कांग्रेसियों ने डेढ़ किलोेमीटर तक रैली निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसडीएम कार्यालय पहुंचकर भारत माता की जय के नारे लगाए। सरकार को किसान मजदूर और युवा हितों का विरोधी बताया।
चाक चौबंध पुलिस व्यवस्था
   संजय चौक से लेकर एसडीएम कार्यालय तक पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था देखने को मिली। एसडीएम कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। एसडीएम नूतन कंवर को चरणदास महंत और विजय केशरवानी ने राज्यपाल के नाम का ज्ञापन दिया। तीन घंटे तक बारिश के बीच किसान सभा को आधा दर्जन नेताओं ने संबोधित किया।
अब बेलतरा उप-तहसील घेराव का एलान
                  जिला कांग्रेस महामंत्री और प्रवक्ता अनिल सिंह चैहान ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी 17 जुलाई मंगलवार को दोपहर 12 बजे से बेलतरा स्थित उप तहसील का घेराव करेगी। घेराव की अगुवाई प्रदेश चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष डाॅ. चरण दास महंत करेंगे।
Share This Article
close