कांग्रेस की 15 साल पुरानी दिल्ली सरकार को उखाड़ा…अब छत्तीसगढ़ सरकार की बारी..चांदनी चौक विधायक ने कहा…कांग्रेसयुक्त भाजपा

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

बिलासपुर— नई दिल्ली चांदनी चौक विधायक अलका लांबा ने अपने ओजस्वी भाषण से आप नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमकर रिचार्ज किया। सातों विधानसभा से पहुंचे यूथ नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। तमाम ज्वलंत मुद्दों को लेकर पूछे गए सवालों का अलका लांबा ने जवाब देकर कार्यकर्ताओं का विश्वास भी जीता। सवाल जवाब से पहले चांदनी चौक की विधायक ने बड़े ही तीखे अंदाज में भाषण में देकर एक साथ भाजपा और कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होने कहा कि आम आदमी से ही आम आदमी पार्टी का जन्म हुआ है। इसी आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में 15 साल की शीला दीक्षित सरकार को बाहर का रास्ता दिखाया। अब छत्तीसगढ़ में 15 साल पुरानी सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने का समय आ गया है।

                   चांदनी चौक नई दिल्ली विधायक आम आदमी पार्टी नेता अलका लांबा आज बिलासपुर स्थित त्रिवेणी सभागार में यूथ से डायलॉग करते हुए मोदी और रमन सरकार पर गरजने के साथ जमकर बरसी भी। अलका ने कहा कि मोदी र उनकी पार्टी का सिर्फ एक ही काम है…देशवासियों को  मुख्य मुद्दों से भटकाना। देश में रोजगार,महंगाई,महिलाओं की सुरक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए केन्द्र सरकार जानबूझकर भावनात्मक मुद्दों को उछालती है।

         अपने संबोधन में अलका लांबा ने तमाम ज्वलंत मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को भी घेरा। उन्होने युवाओं, कार्यकर्ताओं और विधायक प्रत्याशियों में जोश फूंकते हुए कहा कि हमने अब तक 90 में 67 विधायक प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। अब जल्द ही बजे हुए विधानसभा प्रत्याशियों का एलान भी कर दिया जाएगा।

              प्रदेश मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी परिवारवाद से प्रभावित नहीं है। पार्टी ने चेहरा नहीं  बल्कि जनता की मांग सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। अलका लांबा ने रिचार्ज करते हुए कहा कि जिस तरह 15 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी को हमने दिल्ली में विकल्प बनकर उखाड़ फेंका। ठीक उसी तरह अब 15 साल की प्रदेश से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की बारी है ।

         अलका लांबा ने नोटबन्दी पर हालिया आर.बी.आई पर भी अपनी बातों को रखा। लांबा ने रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि नोटबन्दी से जमा हुए धन का क्या हुआ? ना देश की अर्थव्यवस्था सुधरी,ना आतंकवाद पर लगाम लगा। ना काले धन की वापसी हुई और ना ही आतंकवाद और नक्सलवाद भी लगाम ही लगाया जा सका। दिल्ली सरकार की विधायक ने कहा कि आज डॉलर के मुकाबले रुपया अपने सर्वाधिक नीचे स्तर पर है । कल तक एफडीआई, जीएसटी पेट्रोल को लेकर चिल्लाने वाले भाजपाइयों की जुबान अब नहीं खुल रही है। सरकार जवाब देने से मुंह छिपा रही है।

         भाजपा और कांग्रेस पर एकसाथ हमला करते हुए अलका लांबा ने कहा कि  जनता के बीच खुद को बेहतर विकल्प बताने की पूरी कोशिश होगी। दिल्ली से आप नेताओं का प्रदेश में आना जाना लगा रहेगा। हम घर घर जाकर जनता को सरकार और कांग्रेस की करनी कथनी को उजागर करेंगे। अलका लांबा ने बताया कि दिल्ली में एक दायरे में रहकर सरकार को काम करना पड़ता है। बावजूद इसके हमने स्वास्थ्य और शिक्षा को नया आयाम दिया है। देश दुनिया में इसकी जमकर चर्चा भी है। लोगों ने दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था और शिक्षा को भारत का सर्वश्रेष्ठ घोषित किया है।

               लांबा ने बताया कि कल तक भाजपा के नेता कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते थे। उनकी बातों में दम है..क्योंकि अब भाजपा कांग्रेस युक्त हो चुकी है। कांग्रेस के तमाम दागी नेता भाजपा में प्रवेश लेकर पवित्र हो चुके हैं।

अलका लांबा ने दर्शक दीर्घा में मौजूद कार्यकर्ताओं और युवाओं के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान मंच पर अलका लांबा पूरे समय तक खड़ी रहीं। मंच पर बिलासपुर जिले के सभी विधानसभा प्रत्याशी भी मौजूद थे।

close