भाजपा विधि प्रकोष्ठ की चुनाव में होगी अहम् भूमिका…गागड़ा.पवन ने कहा…अधिवक्ता देंगे कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
रायपुर—-विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका होगी। रविवार को पार्टी की विधि प्रकोष्ठ में जमकर विचार-विमर्श हुआ। एकात्म परिसर में पार्टी के विधि विधायी प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मौजूद प्रदेश पदाधिकारियों, सदस्यों, जिला संयोजकों और सह-संयोजकों ने अपने-अपने विचार रखे। चुनाव के समय किए जाने वाले कार्यों और उनकी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक को प्रदेश भाजपा  संगठन महामंत्री पवन साय और  विधि मंत्री महेश गागड़ा ने संबोधित किया।
                         रायपुर स्थित एकात्म परिसर में भाजपा नेताओं के साथ विधि प्रकोष्ठ की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि भाजपा से जुड़े अधिवक्ता अपने पक्षकारों तक शासन की जनकल्याणकारी नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दें। बूथ स्तर तक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करें। अधिवक्ताओं का कार्यक्षेत्र बेहद व्यापक होता है। समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों से जीवंत संबंध होता है। इसलिए अधिवक्ता पार्टी के प्रति अपने  दायित्वों का भली-भांति निर्वहन कर सकते हैं।
                                 बैठक को प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने बताया कि आगामी चुनाव में विधि प्रकोष्ठ की भूमिका अहम् होगी। सभी संभाग और जिलों का अधिक से अधिक सहभागी होना जरूरी है।  विधि मंत्री महेश गागड़ा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होने बताया कि आगामी चुनाव को देखते हुए अधिवक्ताओं को तैयार रहने का समय आ गया है।
                     प्रदेश संयोजक जयप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रत्येक जिला में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के पांच सक्रिय अधिवक्ताओं को चुनाव के पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा। विधि प्रकोष्ठ के लिए सम्मेलन भी रखा जायेगा। सम्मेनल में एक हजार से अधिक अधिवक्ता शामिल होंगे।
          एकात्म परिसर में आयोजित बैठक में विधि प्रकोष्ठ के सभी जिला संयोजक, सह संयोजक मौजूद थे। आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में भाजपा विधि प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी पर चर्चा की। बैठक में बिलासपुर से भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राकेश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित थे।
Share This Article
close