काला झण्डा दिखाने से पहले गिरफ्तार…सैकड़ों जोगी कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे कोनी थाना…पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने छुड़ाया

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—पोस्ट आफिस के पास से सैकड़ों जनता कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद कोनी थाना भेज दिया। जनता कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री के खिलाफ बृहस्पति बाजार से काला झण्डा दिखाने नेहरू चौक की तरफ जा रहे थे। मालूम हो कि ठीक उसी समय मुख्यमंत्री रोड़ शोक के दौरान तिफरा से नेहरू चौक पहुंचने वाले थे। जनता कांग्रेस नेता सरकार और सीएम के खिलाफ नारेबाजी करते इसके पहले नेहरू चौक पहुंचते सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोनी थाना भेज दिया। दो बसों में लादकर जनता कांग्रेस नेताओं को कोनी थाना लाया गया। घंटों बिठाने के बाद पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष की अगुवाई में थाने में रख गए नेताओं को निःशर्त छोड़ा गया।
                             मुख्यमंत्री के अटल विकास यात्रा का विरोध करना जनता कांग्रेस नेताओं को भारी पड़ा। मालूम हो कि मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंंह दूसरे दौर के विकास यात्रा कार्यक्रम के तहत तखतपुर के बाद तिफरा पहुंचे। मुख्यमंत्री का विकास यात्रा का काफिला शाम को तिफरा से नेहरू चौक के लिए रवाना हुआ। इी समय जनता कांग्रेस के सैकड़ों नेता बृहस्पति बाजार से काला झण्डा दिखाने समीर अहमद,जीतू ठाकुर और विधानसभा बिलासपुर प्रत्याशी बृजेश साहू की अगुवाई में नेहरू चौक की तरफ रवाना हुए। इसके पहले जनता कांग्रेस नेता नेहरू चौक पहुंचते। पुलिस ने सभी को पोस्टआफिस के पास गिरफ्तार कर लिया।
            विरोध प्रदर्शन के दौरान जनता कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमा झटकी हुई। काला झण्डा दिखाने के मंसूबों को पुलिस ने ना केवल नाकामयाब किया। बल्कि सैकड़ों कार्यकर्ताओं को घसीटकर दो बसों बैठाकर कोनी थाना के लिए रवाना कर दिया। इस दौरान जनता कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री और मंत्री समेत भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
                           बृजेश साहू,समीर अहमद और जीतू ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश के लाखों युवा बेरोजगारी में चप्पल घिस रहे हैं। फसल बीमा योजना में करोड़ों रूपयों का घोटाला किया गया है। किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हैं। चुनाव नजदीक आते ही भाजपा सरकार सौगातों की बौछार कर रही है। यह जानते हुए भी कि यह सब छलावा है। यदि मोबाइल की वजाय युवाओं को रोजगार दिया जाता तो लाखों परिवार के घरों में बेरोजगारी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिलती। समय पर किसानों को बोनस का भुगतान किया जाता तो असमय मौत के मुंह में गए किसानों के परिवार को दुख दर्द का सामना नहीं करना पड़ता।
                इस दौरान गिरफ्तारी का विरोध कर रहे नेताओं को पुलिस ने जबरदस्ती बस में बैठाया। काला झण्डा भी छीन लिया। सभी बस में बैठाकर कोनी थाना भेज दिया। देर शाम गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद जनता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष धरमजीत सिंह थाना पहुंचे। कार्यकर्ताओं को निःशर्त रिहा करवाया। रिहाई के बाद जनता कांग्रेसियों ने जोगी और धरमजीत के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
                        जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए प्रमुख नेताओं में समीर अहमद बबला,जीतू ठाकुर,बिलासपुर विधानसभा सभा प्रत्याशी बृजेश साहू,जिला जनता कांग्रेस अध्यक्ष विश्वम्भर गुलहरे, विक्रांत तिवारी,मारग्रेट बेंजामिन,संभागीय जनता कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं।

 

close