बिलासपुर– प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने दूसरे चरण के जनसंवाद का एलान किया है। जनसंवाद कार्यक्रम के दूसरे चरण में कांग्रेस पदाधिकारी नगर पंचायत में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। बिलासपुर में दूसरे चरण के जनसंवाद अभियान में कांग्रेस नेता कुल 8 नगर पंंचायतों में सघन अभियान चलाएंगे।
मालूम हो कि पहले चरण में बिलासपुर जिले के सभी नगर पालिकाओं में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में प्रदेश के दिग्गज नेता शामिल हुए। जिले के नगर पंचायतों में जनसंवाद दो दिन बाद शुरू होकर 25 सितम्बर के बीच होगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस कमेटियों को पत्र जारी कर नगर पंचायतों में जनसंवाद कार्यक्रम करने का आदेश दिया है। बिलासपुर जिले में 25 सितम्बर के बीच कुल 8 नगर पंचायतों में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के दिग्गज नेता शामिल होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि बिलासपुर जिले में पहले चरण के दौरान नगर पालिका क्षेत्रो में जनसवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
केशरवानी ने बताया कि जनसंवाद के दौरान विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया जाएगा। दिग्गज नेता वरिष्ठ कांग्रेसियों के साथ अलग से बातचीत करेंगे। पत्रकारों से बातचीत कर वर्तमान सरकार की कथनी और करनी को जनता के सामने पेश करेंगे।
विजय केशरवानी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की लहर है। पीसीसी के निर्देश पर जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता सामाजिक संगठनों और समाज के महत्वपूर्ण व्यक्तियों से चर्चा करेंगे। किसान और संगठनों से परामर्श लेंगे। गरीब बस्तियों के एक एक व्यक्ति से संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा मुख्य मार्ग पर पदयात्रा कर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लोगों को परिवर्तन का संदेश देंगे। विजय ने बताया कि खेलकूद शिक्षा के अलावा अन्य विधाओं से जुड़े सभी महत्वपूर्ण लोगों से सम्पर्क किया जाएगा।
कहा कहां होगा कांग्रेस का जनसंवाद
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि बिलासपुर जिले के प्रमुख 8 नगर पंचायतों में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बिल्हा,मस्तूरी,तखतपुर,मरवाही,कोटा विधानसभा क्षेत्र के सिरगिट्टी, बोदरी, बिल्हा, सकरी, कोटा, गौरेला, पेन्ड्रा और मल्हार नगर पंचायत में 25 सितम्बर के बीच जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम को कार्यकारी पीसीसी अध्यक्ष रामदयाल उइके, डॉ.चरणदास महंत, करूणा शुक्ला, वाणी राव, कृष्ण कुमार यादव,बैजनाथ चन्द्राकर, कमला मनहर, विवेक वाजपेयी,दिलीप लहरिया, राजेन्द्र शुक्ला, चुरावन मंगेश्कर, आशीष सिंह ठाकुर समेत कई नेता संबोधित करेंगे। जनता से सीधे संवाद भी करेंगे।