NSS की मतदाता अभियान रैली रवाना…कलेक्टर ने कहा…जन जन तक पहुंचाएं मतदान का उद्देश्य

BHASKAR MISHRA
बिलासपुर—सी.एम.डी.महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयं सेवकों की अगुवाई में महाविद्यालय छात्र/छात्राओं की मतदाता जागरूकता रैली ग्राम नेवसा के लिए रवाना हुई। छात्र छात्राओं की टीम रैली के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए ना केवल प्रेरित करेंगे। बल्कि मतदान के महत्व को भी पेश करेंगे।
                रैली को जिलाधीश पी.दयानंद ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ फरिहा  आलम सिद्धिकी.एसडीएम.महाविद्यालय चैयरमैन संजय दुबे, अखिलेश पाण्डेय विशेष रूप से मौजूद थे। मतदाता जागरूकता अभियान की विशालकाय रैली को पी.दयानंद ने उद्देश्यों में सफल होने की शुभकामनाएं दी।
           इस अवसर पर महाविद्यालय के शासी निकाय के अध्यक्ष संजय दुबे ने मतदाता जागरूकता अभियान की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डाला।  रैली में शामिल स्वयं सेवकों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. संजय सिंह, उप प्राचार्य डाॅ. पी.एल. चंद्राकर, डाॅ. के.के.जैन ने भी मतदान अभियान पर प्रकाश डाला। फरिहा आलम सिद्धिकी ने छात्र/छात्राओं को संबोधित किया।
                       रैली में महाविद्यालय के 500 से अधिक छात्र/छात्राओं ने भाग लेकर कर्मा नृत्य, रावत नाचा, छोटा भीम, डोरेमान, भगवान हनुमान, स्वामी विवेकानंद , गणपति, भारतमाता, नेताजी सुभाषचंद्र बोस की झांकी बनाकर प्रदर्शन किया।  गुब्बारों, बेनर, पोस्टर, नारों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। रैली  सी.एम. दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय से नेहरू चौक, सकरी, गनियारी, नेवरा, कोटा, गोबरीपाट और गोद ग्राम नेवसा, पटीता, कार्रा पहुंची। छात्र छात्राओं ने स्थानीय लोगों के बीच नुक्कड़ नाटक पेश कर मतदान के बारे में बताया।
               रैली और कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. पी.एल. चंद्राकर और डाॅ. कमलेश शुक्ल के मार्गदर्शन में किया गया।
close