CM ने कहा…कांग्रेस ने रची गरीबों को हटाने की साजिश, अमर की चुटकी…अनोखे गठबंधन में नांगर के साथ हाथी…सैकड़ों कांग्रेसी गिरफ्तार

BHASKAR MISHRA
7 Min Read

बिलासपुर— अटल विकास यात्रा के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री का उड़न खटोला। शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक शाला कोटमी स्थित हेलीपैड में उतरा। मुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ के साथ किया। मुख्यमंत्री ने आमसभा स्थल के पास विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल, बिलासपुर मेयर किशोर राय, भाजपा जिलाध्यक्ष  रजनीश सिंह, समीरा पैकरा समेत अन्य नेताओं ने भी स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने  करीब 25 से अधिक लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटा विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 121 करोड़ रुपए की सौगात दी। विकास कार्य का शिलान्यास और भूमिपूजन किया। हितग्राहियों के बीच ट्राइसाइकिल, उज्जवला गैस,पी एम आवास,राजमिस्त्री किट का वितरण  किया।

Join Our WhatsApp Group Join Now
             अटल विकास यात्रा के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री का उड़न खटोला सौगात के साथ कोटमी में लैण्ड किया। आम सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा 66 विधानसभा क्षेत्र में 6000 किमी की यात्रा पर निकला हूँ। माँ बम्लेश्वरी के दर्शन कर अटल विकास की यात्रा शुरू की है मरवाही क्षेत्र में 121 करोड़ का शिलान्यास और भूमिपूजन करने आया हूँ। बिलासपुर जिले में 1,42,000 लोगो को उज्ज्वला गैस,80 करोड की फसल बीमा,14885 लोगो धान बोनस,20 करोड़ सूखा राहत राशि का वितरण हुआ है।
 सीएम ने कहा लोग गरीब होते चले गए
                             डॉ.रमन सिंह ने कहा कि विकास यात्रा से कांग्रेसियों को तकलीफ हो रही है। छत्तीसगढ़ में विकास रचने का काम अटल बिहारी बाजपेयी के सपनो के कारण हुआ है। इसलिए भारत रत्न पूर्र्व प्रधानमंत्री अटल के नाम से विकास यात्रा निकाली जा रही है। सीएम ने कांग्रेसियों पर हमला करते हुए कहा कि जब हम विकास यात्रा निकालते है तो कांग्रेस के लोग विकास खोजने निकलते है। 50-60 साल तक कांग्रेस की सरकार थी । तब इन्होंने गरीबी हटाने के लिए क्या किया ?  गरीबी हटाओं के नारे लगाते रहे, लोग गरीब से और गरीब होते चले गए। लोग भूख से मरते रहे ।कांग्रेस ने गरीबी हटाने की योजना क्यो नही बनाई। क्या कांग्रेस ने कभी 50-60 साल में 1 रु किलो में चावल देने  की योजना बनाई थी। बार- बार जोर देकर इसके बारे उपस्थित जनता से पूछा सीएम सवाल करते रहे। लोगों ने जमकर तालियां बजायी।
          मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य स्मार्ट कार्ड योजना में 55 लाख लोगो को 50 हजार तक और अब आयुष्मान भारत योजना के तहत गम्भीर बीमारियों के लिए इलाज की योजना बनाई है। फिर भी कांग्रेस विकास नहीं दिखाई दे रही है। गरीबो के जीवन मे खुशहाली लाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। 60 लाख घरों में बिजली लगाने का काम किया है। गरीबो के लिए योजनाओ का क्रियान्वयन किया है।
 अनोखा गठबंधन..नांगर में बैल की जगह हाथी
                    कार्यक्रम को नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होेने कहा कि मरवाही में इस बार परिवर्तन होगा। लोगो से पूछते हुए कहा कि क्या इस बार परिवर्तन चाहते है कि नही। मरवाही सीट जिताकर परिवर्तन लाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी 5  क्विंटल धान नहीं खरीदा। हमारी सरकार ने 15 क्विंटल प्रति एकड़ धान 1750 समर्थन मूल्य और 300 बोनस सहित 2050 रु प्रति क्विंटल में खरीदने का काम कर रही है। कांग्रेस अब केवल थोथली घोषणाएं करने का काम कर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।
     बसपा-जोगी कांग्रेस गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए अमर ने कहा कि प्रदेश में चुनाव के समय एक बड़ी ही अजीब तरह की गठजोड़ बन रही है। नांगर को बैल के बजाय हाथी से खिंचने की बेमेल कोशिश की जा रही है। जनता से पूछते हुए ऐसा मेल कभी आप लोगों ने देखा है। अमर के सवाल पर लोगों ने जमकर तालियां बाजाई और लोटपोट भी हुए।
                        अमर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन,उज्ज्वला योजना और आवास योजना के तहत देश और  प्रदेश को गौरवान्वित किया है। 2022 तक प्रदेश और देश के सभी परिवारों को पक्का मकान बनाकर दिया जाएगा। किसान की आमदनी दोगुनी होगी। ,सड़को का जाल  बिछ जाएगा। यह सब आपके आशीर्वाद के बिना संभव नहीं होगा।
           अमर ने कहा  मेरे लिए अटल विकास यात्रा तीर्थयात्रा से कम नही है। 40 लाख बहनों,छात्र छात्राओं को स्काई योजना के तहत 55 लाख फ़ोन वितरण कर लोगो के जीवन मे खुशहाली और मोबाइल कंनेक्टिविटी ,इंटरनेट और बिजली कनेक्टिविटी करने काम कर रहे है। जनता से आव्हान करते हुये कहा कि अबकी बार मरवाही विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनकर विधानसभा में भेजिए। इसके बाद ही मरवाही क्षेत्र का विकास होगा।
कांग्रेस नेता गिरफ्तार
                लाठीचार्ज के विरोध में सीएम और अमर अग्रवाल के कार्यक्रम का विरोध के एलान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में काला झण्डा लेकर पेन्ड्रा से निकले। लेकिन पुलिस ने सभी को आमसभा स्थल से पहले करीब 2 किलोमीटर पहले ही लोअर सोन व्यपवर्तन योजना गेट के पास आमसभा स्थल से गिऱफ्तार कर लिया गया। सभी कांग्रेसी मोटर सायकल से सवार होकर जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, प्रदेश प्रवक्ता शैलेश पांडेय की अगुवाई में आमसभा के विरोध प्रदर्शन के लिए निकले थे। करीब सभी कांग्रेस नेताओं को साढ़े ग्यारह बजे पुलिस ने हिरासत में लेकर सकोला रोड स्थित राम जानकी मंदिर में अस्थायी जेल भेज दिया गया। 455 कांग्रेसियों के खिलाफ पेंड्रा पुलिस ने धारा 151,107,116(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कांग्रेसियों को तहसीलदार नरेंद्र बंजारा के सामने पेश किया गया। इसके बाद सभी कांग्रेसियों को दोपहर दो बजे निशर्त रिहा कर दिया गया।
close