कर्नाटक में उपचुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी, बेल्लारी जिला भाजपा पदाधिकारियों का इस्तीफा ….?

Chief Editor
2 Min Read

बेंगलुरू । कर्नाटक में उपचुनाव की सरगर्मी के बीच बेल्लारी में जिला भाजपा के 48 पदधिकारियों ने रविवार को इस्तीफा दे दिया। पदाधिकारियों का आरोप है कि जिला भाजपा इकाई के प्रखर विरोध के बावजूद दामूर शेखर जो कि बेल्लारी सिटी विधायक सोमशेखर रेड्डी के करीबी हैं, को बेल्लारी अर्बन डेवेलपमेंट अथॉरिटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया। इस्तीफा देने वालों में जिला भाजपा अध्यक्ष चन्नाबासवनागौड़ पाटिल तथा जिला महामंत्री रामलिंगप्पा और पूजप्पा प्रमुख रहे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

जिला पदाधिकारियों के बागी तेवरों का असर यह हुआ कि प्रदेश के मुख्यमंत्री बी एस येदुरप्पा को देर शाम दामूर शेखर की चेयरमैन पद पर नियुक्ति रद्द करनी पड़ी।

इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि बेल्लारी सिटी विधायक सोमशेखर रेड्डी जो कि जनार्दन रेड्डी के भाई हैं, वो जिला भाजपा को अपने हिसाब से चलाने की कोशिश कर रहे हैं। लोकल भाजपा इकाई के विरोध के बावजूद उन्होंने जबरदस्ती दामूर शेखर को अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जबरन बेल्लारी अर्बन डेवेलपमेंट अथॉरिटी का चेयरमैन बनवाया।

        गौरतलब है कि मुख्यमंत्री येदुरप्पा ने पिछले हफ्ते दामूर शेखर की बेल्लारी अर्बन डेवेलपमेंट अथॉरिटी के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की थी। इस बात से हतप्रभ जिलाध्यक्ष चन्नाबासवनागौड़ ने अपना इस्तीफा दिया। हालांकि बाद में मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील से असंतुष्ट जिला पदाधिकारियों की मुलाकात के बाद येदुरप्पा ने तत्काल प्रभाव से दामूर शेखर की नियुक्ति रद्द कर दी।

कर्नाटक में जैसे-जैसे विधानसभा उपचुनाव की तारीख नज़दीक आ रही है। वैसे-वैसे  प्रदेश आलाकमान और अन्य भाजपा इकाइयों की अनबन भी सामने आ रही है। इससे पहले भी बेल्लारी जिले की विजयनगर सीट पर कैंडिडेट चयन को लेकर स्थिति डांवाडोल बनी हुई है। स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता पूर्व विधायक एच आर गवियप्पा को टिकट देने की वकालत कर रहे हैं, तो येदुरप्पा बार-बार पार्टियां बदलने वाले वर्तमान विधायक आनंद सिंह के नाम पर अड़े हुए हैं। इस नूराकुश्ती का नतीजा क्या निकलेगा, यह तो भविष्य ही तय करेगा।

close