कलेक्टर ने बांधी तृतीय लिंग समुदाय को मतदान की राखी…कहा…सबको लेना होगा रक्षा का संकल्प…मतदाताओं को करें जागरूक

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर— रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन ने मतदाता जागरूकता के लिये अनूठी पहल कर तृतीय लिंग के लोगों को मतदान की राखी बांधी है। कलेक्टर पी दयानंद ने तृतीय लिंग समुदाय के लोगों को मतदान की राखी बांधकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संकल्प दिलाया। कलेक्टर ने कहा भारत दुनिया का सबसे सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। इसकी विशेषता में समाज के एक एक समुदाय और व्यक्ति का योगदान है।
                      रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर  बंधन-मतदान की राखी अभियान के तहत प्रार्थना सभा भवन में तृतीय लिंग समुदाय के व्यक्तियों को जिला प्रशासन की तरफ से मतदान की राखी बांधी गई। कलेक्टर ने तृतीय लिंग को राखी बांधकर लोकतंत्र में सक्रिय योगदान के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ फरीहा आलम सिद्दिकी ने भी तृतीय लिंग समुदाय के व्यक्तियों को मतदान की राखी बांधी।
                       इस दौरान अपने संबोधन में कलेक्टर पी दयानंद ने कहा कि रक्षाबंधन में जैसे बहने भाईयों को राखी बांधती हैं। भाई बहन की रक्षा का संकल्प लेता है। वैसे ही मतदाताओं को भी लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेना होगा। लोकतंत्र बंधन-मतदान की राखी के लिये जिला प्रशासन ने विशेष रूप से तृतीय लिंग समुदाय के लोगों को चिह्नित किया है। क्योंकि यह समुदाय सामाजिक सरोकारों के लिये बहुत ही सक्रिय रहता है।
  कलेक्टर ने तृतिय लिंग समुदाय से कहा कि जिला प्रशासन की तरफ से आप लोगों को मतदान की राखी बांधी है। अब आपको लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ सबको मतदान के लिये जागरूक करना है। आप लोगों को भी मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी है। इस मौके पर तृतीय लिंग समुदाय के व्यक्तियों ने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को लोकतंत्र बंधन-मतदान की राखी बांधी। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक एच खलको थे।
close