चबूतरे पर मिली खून से लथपथ लाश

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

27 june 15 बिलासपुर— सरकंडा क्षेत्र के चिंगराज पारा में सूर्या चौक में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिली है। लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया है। मृतक की पहचान कर उसके परिजनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

वीओ—चिंगराज सूर्या चौक में मंदिर के चबूतरे पर एक युवक की खून से लथपथ लाश मिली है। जानकारी लगते ही घटना स्थल पर गए पुलिस को मालूम हुआ कि मृतक का नाम राजेन्द्र चौहान है। जो चिंगराज पारा का ही रहने वाला है। मृतक अपनी पत्नी के साथ मजदूरी का काम करता था। जिसकी किसी ने बीति रात सिर पर वार कर हत्या कर दी है।

मामले की जानकारी लगते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी। पति की हत्या की खबर सुनते ही पत्नी सुनीता चौहान सरकंडा थाने पहुंची। शिनाख्त के बाद उसने बताया कि कल सुवह वह अपने पति राजेन्द्र के साथ काम की तलाश में गयी थी। लेकिन दोपहर तक जब कोई काम नहीं मिला तो राजेन्द्र ने अपनी पत्नी को घर भेज दिया। शाम तक राजेन्द्र के घर नहीं पहुंचने पर संगीता ने उसे करीब 9 बार मोबाइल पर बातचीत की। रात्रि 11 बजकर चालिस मिनट पर भी उसने अपने पति से बात की। उस दौरान राजेन्द्र  ने बताया कि वह अमरैया चौक के पास है और जल्द ही घर लौट रहा हूं। बात करने के बाद सुनीता सो गयी। सुबह पति की हत्या की खबर पुलिस के जरिए मिली।

खून से लथपथ लाश और सिर पर चोट के निशान के चलते पुलिस मामले को हत्या का मानकर जांच कर रही है। पुलिस की मानें तो मौके पर खून से सना एक पत्थर भी मिला है। फोरेंसिक एक्सपर्ट के अनुसार भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया गया है।

चिंगराजपारा निवासी राजेन्द्र चौहान रोजी मजदूरी का काम किया करता था। परिजनों की माने तो उसकी किसी से दुश्मनी भी नहीं थी। जानकारी के अनुसार मृतक शराबखोरी करता था। उसकी हत्या किन कारणों के चलते हुई है यह तो पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा। बहरहाल सरकेंडा पुलिस कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

close