छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता आंदोलन का स्वर्णिम इतिहास

cgwallmanager
6 Min Read
रायपुर ( वैभव शिव पाण्डेय ) ।  छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता आंदोलन का अपना गौरवशाली इतिहास रहा है। भारत की आजादी में छत्तीसगढ़ की भूमिका बेहद अहम रही है। सन्1857  के पहले स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर 1947 के आजादी तक यहां भी अंग्रेजों के खिलाफ लगातार संघर्षों का दौर चलता रहा है । बल्कि आदिवासियों ने तो इससे पहले ही अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंक दिया था। 
छत्तीसगढ़ भी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की अनगिनत इतिहास को समेटे हुआ है। प्रदेश में स्वतंत्रता आंदोलन की शुरुआत 1857 की पहली क्रांति के साथ हो जाती हैबल्कि छत्तीसगढ़ में अंग्रेजों के खिलाफ तो बस्तर की आदिवासियों ने इससे पहले ही बिगुल फूँक दिया था। सन् 1818 में अबुझमाड़ इलाके में गैंद सिंह के नेतृत्व में आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ सबसे पहले विद्रोह का बिगुल फूँका था। हालांकि इस आंदोलन को स्वतंत्रता आंदोलन का आगाज  नहीं माना जाता। सन् 1857 से छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता आंदोलन की शुरूआत होती है। सोनखान के जमीदार शहीद वीरनारायण सिंह ने सन् 1857 में ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह का ऐलान किया था। इतिहासकार डॉ. रमेन्द्र मिश्र बताते हैं कि 1856 में छत्तीसगढ़ में भीषण अकाल पड़ा। इसी दौरान सोनाखान इलाके जमीदार वीरानारायण सिंह ने साहूकारों से अनाज लूट कर उसे गरीबों में बांट दिया। जमाखोरों ने इसकी शिकायत ब्रिटीश शासन से की। ब्रिटीश शासन ने वीरनारायण सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। लेकिन अंग्रेज अधिक दिन तक वीरनारायण को कैद कर नहीं रख सके और वे अंग्रेजों की कैद से फरार हो गए। इसके बाद वीरनारायण ने अंग्रेजो के खिलाफ सैन्य दल बनाया। सन् 1857 में सैन्य दल बनते ही वीरनायारण ने अंग्रेजी हुकूमत पर हमला बोल दिया। लेकिन कुछ बेईमान जमीदारों की मदद से अंग्रेजों ने वीरनारायण को फिर से गिरफ्तार कर लिया।  और फिर 10 दिसंबर 1857को अंग्रेजों ने रायपुर  के वर्तमान जय स्तंभ चौक पर फांसी दे दी थी। हालांकि वीरनायारण को फांसी देने की बाद रायपुर केन्द्रीय जेल परिसर में भी कही जाती है। इसे लेकर इतिहासकारों के बीच शुरुआत से मतभेद रहे हैं।
 
इसके बाद सन् 1858 में रायपुर में फौजी छावनी(सैनिक) विद्रोह हुआ.। वीरनारायण की शहादत ने ब्रिटिश शासन में कार्य कर रहे सैनिक हनुमान सिंह में विद्रोह का भाव जगा दिया। सन् 1858 में उन्होंने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ब्रिटिश हुकूमत के एक रेजीमेंट अधिकारी की हत्या कर दी थी। घंटे तक विद्रोही सैनिकों और ब्राीटिश शासन के बीच संघर्ष चलता रहा।  अंग्रेजी हुकूमत हनुमान सिंह को तो नहीं पकड़ पाई। लेकिन उनके 17 साथी सैनिकों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें फांसी  दे दी। हालांकि कुछ लोगों का यह भी मानना है कि अंग्रेजों ने वर्तमान पुलिस मैदान जो अंग्रेज शासन काल में छावनी था वहां विद्रोही सैनिकों को तोप से उड़ा दिया था। 
 
इसके बाद सन् 1910 में बस्तर का भूमकाल आंदोलन ने अंग्रेज शासन को हिला के रख दिया था।  बस्तर में हुए भूमकाल आंदोलन अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध आदिवासियों का एक सबसे बड़ा सशस्त्र आंदोलन था। बस्तर में लाल कालेन्द्र सिंह और रानी सुमरन कुंवर ने अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ विद्रोह का ऐलान किया। इस विद्रोह का सेनापति गुण्डाधुर को चुना गया था। 
 
इन विद्रोहों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के भीतर देश में चल रहे अन्य कई आंदोलनों और सत्याग्रह का प्रभाव भी विशेष रूप से पड़ा था। खास तौर पर तिलक और गांधी जी का प्रभाव छत्तीसगढ़ के आंदोलन में विशेष रूप से रहा है।  इतिहासकार डॉ. रमेन्द्रनाथ मिश्र कहते हैं कि बताते हैं कि छत्तीसगढ़ में खास तौर पर सन् 1920 में धमतरी का कंडेल नहर-जल सत्याग्रह अहम रहा। धमतरी जिले के छोटे से गांव कंडेल के किसानों ने अंग्रेजी शासन के तुगलकी फरमान के विरुद्ध जल सत्याग्रह किया था। इस सत्याग्रह से अभिभूत होकर गांधी जी 21 दिसंबर 1920 को धतमरी में किसानों के आंदोलन में शामिल होने पहुँचे थे। सन् 1933 में गांधी जी का दोबारा छत्तीसगढ़ आगमन हुआ था। गांधी जी के आने से छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे आंदोलन को और बल मिला। इसके बाद व्यक्तिगत सत्याग्रहरायपुर का षड़यंत्र कांड और अंग्रेजों भारत छोड़ों आंदोलन प्रदेश में प्रमुखता से चलता रहा। 1942में जब “अंग्रेजों भारत छोड़ो”आंदोलन का आह्वान किया गया था तब समूचा छत्तीसगढ़ अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफत एक हो गया और देश के आजाद होने तक आंदोलन जारी रहा। 
 
कह सकते है कि देश की आजादी में छत्तीसगढ़ की धरती भी स्वतंत्रता आंदोलन की रणभूमि रही। यहां हिंसात्मक आंदोलन के साथ अहिंसात्मक आंदोलन के अनेक संघर्षों के दौर चलते रहे हैं। यहां खास तौर पर मूलनिवासी आदिवासियों की भूमिका सबसे सशख्त रही है। भारत की आज़दी में छत्तीसगढ़ के योगदान को कभी भूलाया नहीं जा सकता। 
close