रायपुर—भ्रष्टाचार और महंगाई को मुद्दा बनाकर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जेल भरो जन आंदोलन चलाएगी। अजीत जोगी ने 3 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जंगी प्रदर्शन का एलान किया है। आंदोलन की अगुवाई अजीत जोगी करेंगे। कार्यकर्ता घर घर जाकर नुक्कड़ सभाओं के जरिए आम आदमी को आंदोलन से जोड़ेंगे। यह बातें आज जोगी ने प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को दी। जोगी ने बताया कि आम आदमी को एक समय का खाना महँगा हो गया है। इस बात का अहसास कराने पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को रोटी,दाल,चावल और सब्जी भरकर लंच बाक्स भेजा है।
Join Whatsapp Group | यहाँ क्लिक करे |
प्रेसवार्ता के दौरान जोगी ने बताया कि प्रदेश सरकार सभी मोर्चों पर फेल है। सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। सब्जियों से लेकर दालों के दाम आसमान छू रहे हैं। जमाखोर चांदी काट रहे हैं। अच्छे दिन का वादा कर जनता पर महंगाई भरे दिन दिखाया जा रहा है। लोगों के लिए दो जून की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है। थोक और रिटेल महंगाई दर पिछले 22 महीनों के उच्च स्तर पर हैं। दो माह पहले टमाटर 10 रुपए प्रति किलो बिकने वाला टमाटर अब 50 रुपए किलो को पार कर गया है।
जोगी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि 13 साल के राज में छत्तीसगढ़ घोटाला में नंबर वन बना है। घोटालों की सूची काफी लम्बी है। परिवहन विभाग में करोड़ों रुपए का फर्जी ई.चालान घोटाला, 36 हजार करोड़ से ज्यादा का धान घोटाला, शिक्षा विभाग में 5 करोड़ का घोटाला, करोड़ों रुपए का नमक घोटाला शामिल हैं।
जोगी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोगों के पैरों के नीचे अपार खनिज संपदा है। जनता की गाढ़ी मेहनत की कमाई को घोटालों में ही डूबने नहीं दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ की जनता भोली जरुर है लेकिन वह सब देख समझती है। समय पर हिसाब चुकता करना जानती है। जोगी ने छत्तीसगढ़ की जनता से वादा किया कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ को टैक्स फ्री स्टेट घोषित करेगी।