दो पहिया वाहन के चार चोर पकड़ाए.. सभी गाड़ियां बरामद..दोनों मुख्य आरोपी जेल दाखिल

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बिलासपुर—- सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसायकल चोरों को धर दबोचा है। पकड़े गए चार आरोपियों में दो  नाबालिग है। आरोपियों के पास से स्कूटी समेत कुल 9 पहिया वाहनों को जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को जेल और नाबालिग लड़कों को किशोर न्यायालय भेजा गया है।

               शहर में लगातार मोटरसायकल और स्कूटी चोरी की वारदात पर चिंता जाहिर करते हुए पुलिस कप्तान प्रशांत अग्रवाल ने टीम का गठन कर आरोपियों को पकड़ने का निर्देश दिया गया। आरोपियों की छानबीन के दौरान मुखबीर से सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को जानकारी मिली कि दो लड़के मोटर सायकल का सौदा करने ग्राहक को तलाश रहे है। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस गांधी चौक पहुंच गयी। बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस ने दोनों संदेहियों को पकड़ा। 

                 थाना प्रभारी मोहम्मद कलीम ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ करने दोनों आरोपियों ने मोटरसायकल और स्कूटी चोरी का जुर्म स्वीकार किया।  पूछताछ के दौरान आरोपी महेश ऊर्फ सोनू मानिकपुरी पिता श्यामदास मानिकपुरी ने बताया कि वह अशोक नगर का रहने वाला है।  दो अन्य नाबालिगों के साथ मिलकर शहर के अलग अलग ठिकानों से दो पहिया वाहनों की चोरी को अंजाम दिया है। महेश की निशानदेही पर तीन मोटरसायकल को जब्त किया गया। जबकि पकड़े गए दुसरे आरोपी सतपाल के ऊर्फ कोरा साहू के पास से एक मोटरसायकल बरामद किया गया।

                मोहम्मद कलीम ने बताया कि महेश की निशानदेही पर दोनों अपचारी बालकों को पकड़कर पूछताछ हुई। दोनों के पास से कुल चार स्कूटी और एक मोटरसायकल छिपाकर रखना पाया गया। आरोपियों के पास से करीब 1 लाख 60 हजार रूपए से अधिक की गाड़ियों को जब्त किया गया। कलीम ने बताया कि दूसरा आरोपी सतपाल ऊर्फ कोरा साहू अशोक नगर का रहने वाला है।

TAGGED: ,
close