16 Apr 2019
पत्नी के बाद बहू ने भी संभाला मोर्चा…उत्साह में कांग्रसी कार्यकर्ता…नेताओं ने कहा..महिलाओं का मिल रहा समर्थन

अटल श्रीवास्तव के समर्थन में पत्नी नीतू श्रीवास्तव और बहू रश्मि श्रीवास्तव ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में जनसंपर्क तेज कर दिया है। श्रीवास्तव परिवार की दोनों बहुएं मुंगेली और मल्हार में अलग अलग जनसंपर्क कर अटल के लिए महिलाओं के बीच वातावरण बना रही हैं। परिवार की दोनों बहुएं महिला मित्रों और महिला कांग्रेस के साथ टिकट की घोषणा के दिन से ही सक्रियता बना कर रखी है। एक तरफ नीतू श्रीवास्तव ने मंगलवार को मल्हार क्षेत्र में जनसंपर्क किया तो अटल की बहू ने जेठ के लिए बिलासपुर निगम वार्ड 40 के पार्षद तजम्मुल हक और वरिष्ठ कांग्रेसियों के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। दोनों ने जनसंपर्क के दौरान अटल श्रीवास्तव के पक्ष में मतदान की अपील की है।
नीतू और रश्मि श्रीवास्तव की सक्रियता से महिला कांग्रेस में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। महिला कांग्रेस के पदाधिकारी के साथ नीतू और रश्मि जनता के सामने अटल की योग्यताओं के अलावा कांग्रेस की रीति और नीति को भी पेश करना नहीं भूल रही हैं। भाजपा सरकार की विफलताओं को भी गिनाने से भी नहीं चूक रही हैं। जनसंपर्क के दौरान आम गृहणियां दोनों का दिल खोलकर स्वागत भी कर रही हैं।
नीतू और रश्मि श्रीवास्तव जनसम्पर्क के दौरान अलग अलग महिलाओं के पंजीकृत और अपंजीकृत समूहों से संपर्क कर चर्चा कर रही है। राजनीतिक परिवार की दोनों बहुएं पूरी तरह से गैर राजनीतिक और आम महिलाओं की तरह आम और खास महिलाओं की समस्याओं को ना केवल गंभीरता से सुन रही हैं बल्कि निराकरण का आश्वासन भी देती हैं। सुझावों भी लेने से परहेज नहीं कर रही हैं।
इधर नीतू और रश्मि के चुनाव मैदान में उतरने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश खरोश देखने को मिल रहा है। बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र की महिलाएं भी श्रीवास्तव परिवार की दोनों महिलाओं को उत्साहित करने से भी नहीं चूकते हुए भरपूर समर्थन भी कर रही हैं।