मण्डल ने रेल सहायकों का दिया साथ.. कुलियों में राशन और सब्जी का वितरण ..जरूरत मंदों में बांटी जा रही दवाइयां

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—-रायगढ़ और चांपा समेत अन्य छोटे बड़े स्टेशनों में रेल सहायको के बीच रेल प्रशासन के माध्यम से लगातार राशन सामग्री का वितरण  किया जा रहा है। जानकारी हो कि देश में लाकडाउन एलान के बाद स्टेशन क्षेत्र में रहने वाले लोगों और खासकर रेल सहायकों यानि कुलियों के सामने भूखे रहने की स्थिति पैदा हो गयी। इन्ही बातों को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने बिलासपुर रेल मण्डल के सभी स्टेशनों में कुलियों के बीच राशन वितरण का एलान किया। 
 
             लॉकडाउन के दौरान कोरोना वायरस के फैलाव को नियंत्रित करने रेल मंत्रालय ने 14 अप्रैल 2020 तक सभी यात्री गाड़ियों को रद्द कर दिया है। गाड़ियों के रद्द होने से रेलवे सहायकों को काम  मिलना बंद हो गया है। जिसके चलते रेल सहायकों के बीच पेट भरने की समस्या का खड़ी होना स्वभाविक है। इस बात को संज्ञान में लेते हुए रेल प्रशासन ने रेल सहायकों के बीच राशन वितरण करने का फैसला लिया। 
 
             बिलासपुर रेलवे मण्डल प्रशासन ने सभी स्टेशनों के रेलवे सहायकों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। प्रशासन और रेल परिवार के सहयोग से वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारी ने मण्डल के सभी छोटे बड़े स्टेशनों में  कुलियों के बीच राशन वितरण का अभियान चलाया।
 
                             इसी क्रम में शुक्रवार को रेल कर्मचारियों ने रायगढ़ और चांपा समेत अन्य छोटे स्टेशनो में कुलिया के बीच राशन का वितरण किया। पार्सल हमाल, सफाई कर्मी, केयर टेकर और स्थानीय जरूरत मंदो के बीच में भी वाणिज्य विभाग के  कर्मचारियों ने राशन सामाग्री दिया। इस दौरान अकेले रायगढ़ में 60 जरूरतमंदो को राशन दिया गया। चाम्पा स्टेशन में 22 रेल सहायकों के बीच राशन का वितरण हुआ।
 
               रेल अधिकारियों ने बताया कि राशन के साथ जरूरत मंदों को अलग से सब्जियां भी दी जा रही हैं। इसके अलावा वाइइयों के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान किया जा रहा है। 
close