बिलासपुर–दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक हुई। मंडल रेल प्रबंधक आर. राजगोपाल की अध्यक्षता और अपर मंडल रेल प्रबंधक एस. एस. लकड़ा की विशिष्ट उपस्थिति में कार्यक्रम को संचालित किया गया। इस दौरान बिलासपुर मंडल की विभिन्न शाखाओं में पिछली तिमाही के दौरान हुई राजभाषा प्रगति की समीक्षा भी हुई।
मंडल रेल प्रबंधक ने महाप्रबंधक वार्षिक निरीक्षण के दौरान राजभाषा पुरस्कार भी वितरित किये। अध्यक्षीय भाषण में मंडल रेल प्रबंधक आर. राजगोपाल ने सभी शाखा प्रमुखों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों में राजभाषा प्रयोग-प्रसार पर सतत निगरानी रखें। राजभाषा रिपोर्ट में अपने विभाग के कार्यों को ठीक ढंग से प्र्रस्तुत करें। पुरस्कृत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इसी तरह राजभाषा में सरकारी कार्य करते रहें। सहकर्मियों को भी प्रेरित करें।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी और अपर मंडल रेल प्रबंधक एस.एस.लकड़ा ने बैठक की आयोजन पद्धति की तारीफ की। विभागीय निरीक्षणों के दौरान राजभाषा निरीक्षण करने की अपील की। राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के दस्तावेजों को अनिवार्य रूप से हिन्दी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी करने पर बल दिया। उन्होंने भाषा संबंधी प्रश्नोत्तरी शामिल कर बैठक को ज्ञानवर्धक और रोचक बनाने के लिए राजभाषा अधिकारी को बधाई दी।
बैठक में समस्त शाखाधिकारी, बाहरी स्टेशनों से पुरस्कार के लिए मौजूद कर्मचारी और मंडल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक का संचालन और आभार प्रदर्शन राजभाषा अधिकारी प्रमोद सोनी ने किया।