मेरा बिलासपुर

सम्मेलन में रिचार्ज हुए भाजपा कार्यकर्ता…अमर ने कहा..कोषालय में रूपए नहीं..विधायकों को वेतन नहीं..जीतेंगे सभी सीट

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

बिलासपुर—प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने झूठे वायदे कर भोली भाली जनता को ठगा है। चुनाव जीतने के बाद दस दिन में पूर्ण शराब बन्दी का वादा था। कांग्रेस सरकार की वजह से प्रदेश की माली स्थिति मात्र तीन महीने में खराब हो चुकी है। विधायकों को तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। यह बातें प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं लोकसभा संयोजक अमर अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कही।

               बिलासपुर और बिल्हा विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में आज भाजपा के दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अमर अग्रवाल ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। अग्रवाल ने कहा कि पेश बघेल की सरकार पूरी तरह से जनहित विरोधी है। चुनाव जीतने के 10 दिन के अन्दर पूर्ण शराब बंदी की बात कही गयी थी। शराब बंदी तो दूर उल्टा प्रदेश में शराब की नदियां बह रही है। लोकसभा चुनाव के बाद प्रति पाव शराब में 10 रूपये और इजाफा करने की तैयारी है। कांग्रेस सरकार की वजह से प्रदेश की माली हालत 3 माह के भीतर खराब हो गई है। विधायकों को तीन माह से वेतन नहीं मिल रहा है। पूर्व विधायकों की तो पेंशन तो दूर की बात है…बिलासपुर कोषालय में 300 करोड़ के बिल अटके पडे़ है। समझ सकते है कि, कांग्रेस ने 3 माह के शासनकाल में प्रदेश को किस दिशा में ढकेल दिया है।

                                                  विधानसभा नेताप्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता हिम्मती और साहसी है। विषम परिस्थितियों में भी पार्टी की मजबूती के लिए काम करता है। भले ही प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन मुझे विश्वास है कि,प्रदेश की 11 लोकसभी सीट भाजपा जीतेगी। मुंगेली विधायक पुन्नुलाल ने कहा कि, बिलासपुर लोकसभा सीट हम रिकार्ड मतों से जीतेंगे। देश को शक्तिशाली, समृद्धशाली, विकसित राष्ट्र की श्रेणी में लाने वाले नरेन्द्र मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री बनाएंगे। इस दौरान सभी ने  भाजपा प्रत्याशी अरूण साव को भारी मतों से विजयी बनाने का  संकल्प भी लिया।

दो एडिशनल SP सहित तीन पुलिस अधिकारियों के तबादले,देखें लिस्ट

                                    सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि, 5 साल के कार्यकाल के दौरान अगर मुझसे कोई गलती हो तो माफी चाहता हूॅ। केन्द्र की मोदी सरकार ने जो ऐतिहासिक काम किया है, उसी का परिणाम है कि, आज भारत विश्व के चौथे शक्तिशाली राष्ट्र में शामिल हो चुका है।

बिलासपुर से भाजपा लोकसभा प्रत्याशी अरूण साव ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।  मुझे जनसंघ से लेकर विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा और भाजपा में अनेक पदों में रहकर काम करने का मौका मिला। मैं पार्टी के इस जवाबदारी को जिंदगी भर नहीं भूला पाऊंगा।हम सब मिलकर बिलासपुर लोकसभा में एक बार फिर भाजपा का झण्डा लहरायेंगे।

                                              सम्मेलन को आर.विभाराव, पूजा विधानी, सुरेन्द्र गुम्बर, घनश्याम कौशिक एवं बेनी गुप्ता ने भी संबांधित किया। कार्यक्रम का संचालन रमेश लालवानी एवं आलेख वर्मा ने किया। आभार व्यक्त धीरेन्द्र केशरवानी ने किया।

Back to top button
close