सिरगिट्टी के दर्द को देखने पहुंचे मेयर रामशरण..बताया…सुनियोजित तरीके से होगा विकास..दूर होगी पानी समस्या

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—मेयर रामशरण यादव ने मंगलवार की सुबह सिरगिट्टी क्षेत्र का भ्रमण किया। वार्ड क्रमांक 10, 11 और 12 का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और लोगों ने नाली, पानी और सड़क की समस्या से मेयर को रूबरू कराया। मेयर यादव ने सिरगिट्टी क्षेत्र के लिए नाली, पानी और सड़क के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाने की बात कही।
 
              मेयर रामचरण यादव मंगलवार को  सिरगिट्टी क्षेत्र का निरीक्षण किया। वार्ड क्रमांक 10 11 और 12 भ्रमण के दौरान आम जनता से भी मिले। लोगों ने गर्मी के दिनों में पानी की समस्या का जिक्र किया। मेयर यादव ने क्षेत्र के अधिकारियों को भी तलब किया। क्षेत्र में पानी की उपलब्धता और सप्लाई की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में गर्मी के दिनों में वाटर लेवल बहुत नीचे चला जाता है। पूर्व में यहां जल आवर्धन के तहत पानी सप्लाई की जाती थी।  लेकिन बीच-बीच से पाइप गायब होने और बोर फेल होने के कारण पानी सप्लाई बाधित हो गई है।
 
             मेयर ने पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने और क्षेत्र के लोगों को जरूरत के हिसाब से पानी उपलब्ध कराने को कहा। रामशरण यादव ने नयापारा संतोषी मंदिर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। लोगों ने संतोषी मंदिर से लगे सड़क चौड़ीकरण में रेलवे बाउंड्रीवाल आने के कारण परेशानी होने की बात कही। मेयर ने सड़क के लिए जगह उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन से बात करने की बात कही।  निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य और वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद पुष्पेंद्र साहू वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद रवि साहू और स्थानी जनप्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।
 
  जल आवर्धन का टेंडर जल्द लगाएं
 
                मेयर रामचरण यादव ने कहा कि सिरगिट्टी क्षेत्र के लिए 9 करोड़ 15 लाख रुपए का जल आवर्धन योजना के लिए पूर्व में ही कार्य स्वीकृत है। कार्य होने पर क्षेत्र के लोगों को भरपूर पानी मिलेगा। कार्य के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश ॉयादव ने निगम के अधिकारियों को दिए।
close