अंतरिम बजटः भाजपा दिग्गजों ने कहा..सर्वसमावेशी बजटः सेना को मिलेगी ताकत…अन्नदाताओं का हुआ सम्मान

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुरः भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने केन्द्रीय बजट को नए भारत की आशा कहा है। कौशिक ने कहा कि बजट में सभी वर्ग के लोगों का ध्यान रखा गया है। किसानों के लिए किसान सम्मान निधि की घोषणा कर केन्द्र सरकार ने किसानों के प्रति संवेदनशीलता को जाहिर किया है। 75 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान कर न्यूनतम आय सुनिश्चित की गयी है। सामान्य और मध्यम वर्ग के लिए आयकर की छूट सीमा बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है। इससे देश के अन्नदाता और मध्यम वर्ग के लोगों के साथ कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी।
                धरमलाल कौशिक ने कहा कि  64,587 करोड़ रुपए का रेल बजट तय कर सरकार ने आम नागरिकों की रेल यात्रा को समयबद्ध, सुरक्षित और विश्वस्तरीय बनाने के लिए संकल्प लिा है।
कालाधन वापसी का संकल्प
              पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने केन्द्र सरकार के बजट को लोककल्याणकारी और मील का पत्थर बताया है। अमर ने कहा कि आयकर सीमा बढ़ाने से देश भर के 3 करोड़ मध्यम वर्गीय परिवार लाभान्वित होंगे। किसान सम्मान निधि योजना से 12 करोड़ छोटे किसानों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपए देने की घोषणा अन्नदाताओं का सम्मान है। योजना में केन्द्र सरकार 75 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। कालाधन की वापसी के संकल्प को दुहराते हुए सरकार ने जीएसटी में 80 हजार करोड़ रुपए की राहत का उल्लेख किया है। भविष्य में और राहत देने का भरोसा दिलाया है। भारत सरकार ने आने वाले पांच वर्षों में 5 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ भारत आर्थिक रूप से मजबूत होगी।
शिक्षा पर दिया गया जोर
                             सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि युवा कौशल उन्नयन योजना से स्टार्ट-अप योजना को मदद मिल रही है। स्वच्छ वातावरण बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ विश्वस्तरीय शिक्षा व्यवस्था पर, विजन 2030 में जोर दिया गया है। सीधा लाभ युवाओं को मिलेगा। ऐतिहासिक बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वित्त मंत्री अरुण जेटली और रेल मंत्री पीयूष गोयल को साधुवाद। बजट में अनुसूचित जाति के लिए 36 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति के 28 प्रतिशत की वृध्दि कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सर्वसमावेशी विकास की परिकल्पना को साकार किया है।
 रक्षा बजट 3 लाख करोड़ से अधिक
              बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने बजट को एतिहासिक बताया। उन्होने कहा कि रक्षा बजट 3 लाख करोड़ से अधिक किया गया। भारत की रक्षा जरूरत को पूरा किया जा सकेगा। पहले कांग्रेस के रक्षा मंत्री बजट का रोना रोते थे…लेकिन मोदी सरकार ने देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। वन रैंक, वन पेंशन को मोदी सरकार ने 40 साल के इंतजार के बाद लागू किया। रक्षा बजट में भारतीय जरूरतों का ध्यान रखा। उद्योगों को 25 प्रतिशत टैक्स स्लैब के साथ 1 करोड़ तक के लोन स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के कदमों की सराहना करता हूं।
कामगारों को मिला सम्मान
                मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी ने केन्द्रीय बजट का स्वागत किया। बांधी के अनुसार केन्द्र सरकार ने संगठित और अंसगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए मानदेय वृध्दि, न्यू पेंशन स्कीम, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की घोषणा करके संवेदनक्षम नेतृत्व की परिचय दिया है। अब सैनिकों का बोनस 35 सौ से बढ़ाकर 7 हजार रुपए किया गया है। श्रमयोगी मानधन मेगा पेंशन योजना में 60 साल के श्रमिकों को तीन हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन देने का प्रावधान किया गया है। 10 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे।
Share This Article
close