अजीत जोगी का दावा-इस बार गठबंधन की सरकार बनना तय

Shri Mi
3 Min Read

रायपुर।जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की जनता लगभग 15 साल के कटु अनुभव के मद््देनजर भाजपाई कुशासन से छुटकारा पाने की मानसिकता बना चुकी है। अन्य प्रदेशो के क्षेत्रीय दलो की सफल सरकारो ने प्रदेश में जनता जकांछ और बसपा की सरकार का बेसब्री से इंतजार कर रही है। जकांछ एवं बसपा गठबंधन का सर्वत्र स्वागत प्रदेश की कांग्रेस एवं भाजपा के स्वार्थ सिद्धी के कारनामों से पीड़ित जनता खुलकर कर रही है।

खासकर गरीब, किसान एवं बेरोजगारो में खुशी की लहर दौड़ गयी है। प्रदेश का सर्वहारा वर्ग प्रदेश में क्षेत्रीय दल की सरकार बनने की बाट जोह रहा है। भाजपा और कांग्रेस इस गठबंधन से परेशान होकर अनाप-शनाप आरोप लगाते हुये ’’खिसयानी बिल्ली खम्भा नोचे’’ की कहावत को चरितार्थ कर रहे है। जकांछ एवं बसपा के मिलाप ने भाजपा व कांग्रेस की रातो की नींद उड़ा दी है तथा दोनो को अपनी पराजय स्पष्ठ नजर आ रही है।

जोगी ने कहा है कि इसमें कोई शक नही है कि प्रदेश की जनता पुनः सन् 2000 से 2003 तक की जनोपयोगी सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है। आगामी चुनाव में भाजपा एवं कांग्रेस के नेता इस गठबंधन की आंधी में तिनके की तरह उड़ जायेगें। जकांछ एवं बसपा के मिलाप होने से जकांछ की ताकत में इजाफा स्पष्ट परिलक्षित हो रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़िया की, छत्तीसगढ़िया के लिए एवं छत्तीसगढ़िया के द्वारा चलने वाली सरकार अस्तित्व में आना तय है। देशभर में नोटबंदी एवं जीएसटी से पीड़ित एवं प्रताड़ित जनता की जुबान पर चहु ओर विरोध के स्वर गूंज रहे है।

भाजपा का अच्छे दिन का वादा काफूर हो चुका है, रही सही कसर नोटबंदी एवं जीएसटी ने पूरी करते हुए देश की जनता के लिए बुरे दिन लाद दिये है। असहाय स्थिति तक पहुंच चुकी देश की जनता पूर्व में कांग्रेस अब भाजपा की जनविरोधी कारगुजारियो से त्रस्त्र हो चुकी है।

जागरूक जनता इस नतीजे पर पहुंच चुकी है कि अब तो देशवासियो के अच्छे दिन भाजपा से निजात पाकर ही आयेगें। भाजपा के सत्ता में आने से पूर्व की बेहतर परिस्थितियो को याद कर वर्तमान भाजपा सरकार से छुटकारा पाने जनता आतुर है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close