अमर ने मिशन स्कूल…शैलेश ने लाखासार में किया मतदान…दोनों ने कहा जीतेंगे…एक ने विकास..दूसरे ने किया बदलाव का दावा

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने सुबह मिशन स्कूल पहुंचकर अपने अधिकारों का प्रयोग किया। मतदान के बाद अमर ने भरोसा जताया कि जनादेश उनके पक्ष में ही होगा।उन्होने कहा मतदान के बाद उन्हें अच्छा लगा। लोग आज सुबह से ही भारी संख्या में मतदान केन्द्र पहुंच रहे हैं। ऐसा केवल विकास के कारण ही संभव हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पाण्डेय ने तखतपुर विधानसभा के लाखासार में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होने भी बिलासपुर से जीत का दावा किया है।
                   भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर विधानसभा प्रत्याशी अमर अग्रवाल ने मिशन स्कूल पहुंचकर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होने उंगली से व्ही का संकेत देकर फोटो खिंचाया। खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जनता विकास पसंद है। सुबह से ही बूथ में भीड़ दिखाई दे रही है। जाहिर सी बात है कि जनता को बिलासपुर का विकास चाहिए। अमर ने कहा कांग्रेस को अफवाह फैलाने में मजा आता है। 11 दिसम्बर को परिणाम  भी सामने आ जाएगा। भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। कांग्रेस का चुनावी प्रबंध बुरी तरह फेल है। यही कारण है कि अफवाहों का सहारा लेकर चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है।
                       शहर की जनता ने पिछले चार चुनावों में मुझे अच्छी तरह परख चुकी है। हमेशा अग्नि परीक्षा में जनता की कसौटी पर खरा उतरा हूं। शहर की जनता अमन चैन और विकास पसंद है। मतदान के दौरान मिल रहे रूझान में शहर की जनता भाजपा के पक्ष में है। पांचवी बार भी बिलासपुर का जनादेश भाजपा के समर्थन में होगा। बिलासपुर शहर को इक्कीसवी सदी का महानगर बनाने का काम अधूरा है। भाजपा की सरकार बनने पर सपने को साकार किया जाएगा।
शैलेश ने किया लाखासार में मतदान..कहा..वक्त है बदलाव का
         कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पाण्डेय ने लाखासार में मतदान के बाद अपने विधानसभा पहुंंचकर बूथ का भ्रमण किया। वार्ड क्रमांक एक में निरीक्षण के दौरान बताया कि जनता बढ़ चढ़कर मतदान कर रही है। सुबह से ही बूथ पर लम्बी लम्बी लाइन से जाहिर हो रहा है कि जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। सभी लोगों ने महसूस किया है कि वक्त बदलाव का है।
                       शैलेश ने पाण्डेय ने जीत का संकेत उंगलियों को व्ही आकार में दिखाते हुए कहा कि अबकी बार बिलासपुर में कांग्रेस की जीत होगी। बीस साल बाद जनता बंधन मुक्त होगी। सभी बूथों में कांग्रेस की लहर है। जनता खुद बखुद घर से निकलकर बूथ पहुंच रही है। इस बार बिलासपुर में ना केवल कांग्रेस की जीत होगी। बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भी बनेगी। उन्होने व्ही संकेत दिखाकर कर कहा कि वक्त बदलाव का है। यही कारण है कि बदलाव के लिए जनता सुबह से ही मतदान केन्द्र पहुंच रही है।
Share This Article
close