65+ के बाद…राहुल बाबा करेंगे दूरबीन से कांग्रेस की तलाश…अमित शाह ने कहा…चाउर वाले बाबा को मिला विकास का डबल इंजन

BHASKAR MISHRA
8 Min Read

  बिलासपुर—  भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में आज भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जमकर गरजे। करीब 30-35 मिनट के भाषण में अमित शाह ने प्रदेश में विकास का ना केवल खाका खींचा। बल्कि रमन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि यदि दस साल केन्द्र में कांग्रेस नहीं होती तो आज छत्तीसगढ़ देश का सबसे विकसित राज्य होता। बहरहाल पिछले चार सालों में छ्तीसगढ़ के विकास में डबल इंजन लग गयी है। चाउर वाले बाबा प्रदेश का विकास तेजी से कर रहे हैं। राहुल गांधी और भूपेश बघेल पर अमित शाह ने जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कार्यकर्ता लोग इस बार कुछ ऐसा काम करें कि कांग्रेस प्रदेश से जड़ के साथ खत्म हो जाए। और राहुल बाबा को छत्तीसगढ में कांग्रेसियों को दूरबीन से खोजना पड़े।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                           अमित शाह ने साइंस कालेज मैदान में आज करीब 20-25 हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने 30-35 मिनट के भाषण में विकास की रेखा खीचने के साथ कांग्रेस की जमकर लानत मलानत की। कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाया। अमित शाह ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह को छत्तीसगढ़ का विकास पुरूष और चाउर वाले बाबा कहा। भाषण के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पंडाल में बैठे हजारों हजार कार्यकर्ताओं से मंच से सीधा वन टू वन संवाद कर कांग्रेस को उखाड़ फेंकने की बात कही।

आंकड़ा पेश कर बताया छत्तीसगढ़ का विकास

                अपने भाषण में अमित शाह ने साल 2003 से साल 2018 के बीच डॉ.रमन सिंह के शासन काल के विकास को मंच से बारी बारी से साझा किया। अमित शाह ने कहा एक समय था कि जब जोगी और टीम ने प्रदेश को खोखला कर दिया था। जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आयी विकास का ग्राफ हजार गुना ऊपर चढ़ गया। एक समय छत्तीसगढ़ का बजट मात्र 9 हजार करोड़ था। आज बजट बढ़तर 94 हजार करोड़ से अधिक हो गया। शाह ने बताया कि जीडीपी बढ़ गया है। नक्सली समस्याएं खत्म हो गयी है। सड़क पानी बिजली की समस्या भी खत्म हो गयी है। लोगों का सालाना आर्थिक आय 38 हजार से 2 लाख 30 से अधिक हो गया है। अब प्रदेश में कोई भूखा नहीं सोता है।

लग गया विकास का डबल इंजन 

             अमित शाह ने कहा कि दस साल छत्तीसगढ़ के लिए बहुत गुजरा। केन्द्र की कांग्रेस सरकार ने डॉ.रमन सिंह का विकास में सहयोग नहीं किया। यदि किया गया होता तो आज छत्तीसगढ़ देश का सबसे विकसित राज्य होता। लेकिन चिंंता की बात नहीं है। पिछले साढ़े साल में जबसे भाजपा की केन्द्र सरकार बनी है। छत्तीसगढ विकास को डबल इंंजन लग गया है। चाउर वाले बाबा की अगुवाई में प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। बजट में इजाफा हुआ है। लोगों की आय बढ़ी है। किसानों को न्याय मिला है। धान की तेजी से खरीदी हो रही है।

दूरबीन से तलाश करेंगे राहुल बाबा 

                  अमित शाह ने कहा कि चुनाव सामने है। मौका भी है और दस्तूर भी। कार्यकर्ता पार्टी के मालिक हैं। मालिकों से आह्वान करता हूं कि इस बार इतना मेहनत करो कि पार्टी को 65 प्लस विधायक हासिल हो। इसके बाद लोकसभा चुनाव है। केन्द्र में भी भाजपा की सरकार बनाएं। जनता को बताएं कि सीडी बनाने वालों ने माता बहनों का कितना अपमान किया है। ऐसे लोगों को सजा जनता ही देगी।

                  शाह ने बताया कि देश के कोने कोने में रहने वालों की नजर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव पर है। जाहिर सी बात है कि देश को दिखाना है कि छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता कितना ऊर्जावान है।  इस दौरान अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने के राहुल गांधी के बयान पर कहा कि सपना देखना छोडें। क्योंकि 2014 से अब तक देश के 14 राज्यों में कांग्रेस की हार और भाजपा की सरकार बनी है। अब छत्तीसगढ़ में चौथी बार भाजपा की सरकार बनने वाली है। सीडी बनाने वालों को चुनाव में जड़ से उखाड़ कर फेंकना है। फिर राहुल बाबा दूरबीन लगातार ढूंढेगे की कांग्रेस पार्टी कहां है। फिर भी नहीं दिखाई देगी।

राहुल, भूपेश और कांग्रेस पर अमित और रमन का हमला

                   मंच से मुख्यमंत्री ने भी हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अमित शाह के पहले डॉ.रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जिनके आंखो में षडयंत्र की पट्टी है उन्हें जाहिर सी बात है कि विकास नहीं दिखाई देगा। शर्म आती है ऐसे कांग्रेसियों पर जिन्होने घटिया हरकत कर मंत्री के खिलाफ षड़यंत्र किया। फिर तो अपने नेताओं को नहीं छोड़ा। माता बहनों को बदनाम करने वालों को जनता ने हमेशा के लिए हटाने का फैसला कर लिया है। इस दौरान रमन सिंह ने पिछले 15 सालों के विकास का खाका खींचा। साथ ही धान के बोनस पर भी अपनी बातों को रखा। रमन ने किया एक महीने बाद धान की खरीदी शुरू हो जाएगी। सभी किसानों को न्याय मिलेगा।

                       अमित शाह ने कहा कि चाउर वाले बाबा ने तेंदुपत्ता तोड़ने वालों का भी ख्याल रखा है। एक दौर था जब कांग्रेस का नारा हुआ करता था कि गरीबी हटाओ। बावजूद इसके गरीबों की संख्या दिन दूनी रात बढ़ती गयी। दो जून की रोटी भी किसानों और गरीबों को नहीं मिलता था। तेंदूपत्ता तोड़ने वालों को जूता और किसानों को बोनस देना तो दूर की बात है। अमित शाह ने कहा मोदी और रमन सरकार ने देश में विकास का ऐसा अलख जगाया कि आज कांग्रेस को ना तो करने को कुछ रह गया है और ना ही करने को। ऐसी पार्टी को तो केवल जड़ सहित उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।

अमर अग्रवाल की तारीफ

                          डॉ.रमन सिंह और अमित शाह ने इस दौरान बिलासपुर की जनता की जमकर तारीफ की। निकाय मंत्री अमर अग्रवाल को भी साधुवाद दिया।  विकास को लेकर किए गए उनके प्रयासों को सराहा भी।

राजमाता सिंधिया और जेपी को किया याद

       अमित शाह ने अपने भाषण के दौरान भाजपा की संस्थापक सदस्यों में एक राजमाता के योगदान को याद किया। उन्होने बताया कि आज राजमाता का जन्मदिन है। आज से भाजपा राजमाता का जन्म शताब्दी समारोह मना रही है। उन्होने अपने खून पसीने से भाजपा को खड़ा किया। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने का श्रेय राजमाता को है। अमित शाह ने कहा आज जेपी का भी जन्मदिन है। उन्होने देश में दूसरी आजादी के लिए जंग किया। कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ लोगों को एक किया।

स्वागत के साथ अन्य नेताओं ने भी दिया भाषण

                     मंच से अमित शाह के आगमन के पहले भूपेन्द्र सवन्नी,सांसद लखनलाल साहू,डॉ.बंशीलाल महतो,सरोज पाण्डेय, मंत्री पुन्नूलाल मोहिले ने भाषण दिया। अमित शाह के सामने डॉ.रमन सिंह ने संबोधित किया। इसके पहले अमित शाह का मंच पर उपस्थित मंत्री और नेताओं ने फूल माला से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में मंत्री अमर अग्रवाल,धरमलाल कौशिक समेत सभी मंचस्थ अतिथियों के नाम प्रमुख है।

close