अरूण जेटली का निधन मेरी निजी क्षति….अमर अग्रवाल ने बताया…हमने खो दिया राजनीति का चमकता सितारा

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि अरूण जेटली का असमय निधन मेरे लिए निजी क्षति है। हमने राजनीति का चमकता सितारा खो दिया है। जेटली में काम करने की अद्भूत क्षमता थी। जब पूरी दुनिया में आर्थिक मंदी का दौर चल रहा था तब केन्द्र में वित्त मंत्री रहते हुए उन्होने अपनी कार्य कुशलता से मंदी के दौर का प्रभाव भारत पर पड़ने नही दिया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                     पूर्व मंत्री अमर ने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूॅ कि जेटली जी के साथ काम करने का अवसर मिला। उनके अनेक निर्णयों में मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। जेटली जी मुझे जीएसटी काउंसलिंग में शामिल कर कार्य करने का अवसर दिया। बहुत से मुद्दों विषयों और निर्णयों पर सलाह मसविरा भी किया। निश्चित रूप से मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

             अमर अग्रवाल ने पुराने पलों को याद करते हुए कहा कि जेटली का स्नेह और आशीर्वाद मुझे सदैव मिला। वे कुशल प्रशासक के साथ-साथ देश के जाने माने अधिवक्ता भी थे। केन्द्र में वित्त मंत्री रहते हुए देश के विकास के लिए अनेक ठोस कदम उठाए। सफल संगठक और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी थे। पार्टी संगठन में अनेक पदों पर रहते हुए पार्टी की तरफ से अपनी बातों को देश के सामने बेबाकी के साथ रखा। देश के अनेक राजनैतिक दल के नेताओं से उनके मधुर संबंध रहे। जेटली सबका आदर करते थे।

                     अमर ने बताया कि जेटली का लगाव हमारे परिवार से बहुत था। बाबू जी स्व.लखीराम अग्रवाल से भी लगाव रहा। अविभाजित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में उनका बड़ा योगदान रहा। जेटली के निधन से जो रिक्तता देश में आयी है उसकी भरपाई कर पाना असंभव है।  उनकी कमी सदैव हम सबको खलती रहेगी।

                  अरूण जेटली बिलासपुर में त्रिवेणी सभा भवन व्यापार विहार भारतीय जनता पार्टी के नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधि सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिए हैं। उस पल की ताजगी को मैं आज भी महसूस करता हूं। जीएसटी की कार्य परिषद में मेरे सलाह को हमेशा तवज्जों देते थे। कार्यो से प्रभावित भी थे। मुझसे कई बार कहा कि केन्द्र में राजनीति करो।

भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि…नम आंखों से किया याद

                            भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली के निधन पर भाजपा नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। विधानसभा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने अरूण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होने कहा कि काल के चक्र ने हमसे बेहतर मार्गदर्शक, पथ प्रदर्शक और कानून वेत्ता छिन लिया। धरम ने ईश्वर से जेटली की आत्मा की शांति की कामना की। सांसद अरूण साव ने भी पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपना मार्गदर्शक खो दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जेटली बहुत ही कम उम्र में भारत की राजनीति में अपनी अमिट छाप बनाई।  उनके कार्य करने की शैली अद्भूत थी।  वे राजनेता के साथ कुशल वक्ता और संगठक थे। उनकी भरपाई कर पाना असंभव है।

Share This Article
close