आप नेता संकेत ने किया आर-पार जंग का एलान…कहा पुतला जलाएंगे..उपवास रखेंगे…सीएम हाउस का घेराव भी करेंगे..

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

रायपुर–आम आदमी पार्टी प्रदेश इकाई प्रमुख संकेत ठाकुर ने प्रेस नोट जारी कर प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ आर पार जंग का एलान किया है। आप नेता ने सरकार पर दमन करने का आरोप लगाया है। संकेत ठाकुर ने कहा कि समय आ गया है कि अब जनता के साथ आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने कमर कसकर तैयार हो जाएं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

               आम आदमी पार्टी प्रदेश संयोजक डॉ संकेत ठाकुर ने कहा कि  भाजपा सरकार के कुशासन से न सिर्फ आम आदमी कार्यकर्ता बल्कि विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे कर्मचारी भी सरकार की दमनकारी नीति से परेशान हैं। पुलिसकर्मियों के परिजनों को राजधानी की सड़कों पर उतरकर सरकार को अपनी समस्याओं का ध्यान दिलाना पड़ रहा है। शिक्षाकर्मियों, नर्सों, आदिवासियों, किसानों का तो जीना मुश्किल हो गया है। जनता की आवाज उठाने वाले विधायक को पीटा जा रहा है। लेकिन आप ने फैसला कर लिया है कि दमनकारियों के सामने  घुटने नहीं टेकेंगे। दमनकारी नीतियों के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे।

                                    कृषि वैज्ञानिक डॉ. ठाकुर ने आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी देते हुए कहा कि ‘राज्य की दमनकारी सरकार के खिलाफ 1 जुलाई से समूचे प्रदेश में ‘दमन हटाओ, छत्तीसगढ़ बचाओ’ आंदोलन छेड़ा जाएगा। 2 जुलाई को सरकार की कुनीतियों के खिलाफ राजधानी रायपुर में एक दिवसीय उपवास रखा जाएगा। उपवास में दिल्ली सरकार के मुख्य सलाहकार और प्रदेश चुनाव समन्वय प्रभारी राकेश सिन्हा के अलावा आप विधायक भी शामिल होंगे। आप नेता ने कहा कि छत्तीसगढ़ से उठने वाली भाजपा विरोधी आवाज को नई दिल्ली तक पहुंचाएंगे।

                     संकेत ने बताया कि 1 जुलाई को आंदोलन के आगाज के मौके पर राज्य के सभी प्रमुख स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मेलन होगा।  सम्मेलनों के बाद नजदीकी चौराहों पर पुतले जलाए जाएंगे। आंदोलन के दूसरे दिन, यानी 2 जुलाई को विधानसभा का मॉनसून सत्र प्रारंभ होने वाला है। आप कार्यकर्ता विधानसभा मुख्यालयों पर एक दिवसीय उपवास रखकर छत्तीसगढ़ में सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी जंग छेड़ेंगे। आंदोलन का समापन 29 जुलाई को होगा। इस दिन ‘आप’ के हजारों कार्यकर्ता राजधानी रायपुर में एकत्रित होकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

                              डॉ. ठाकुर ने बताया कि आंदोलन के दौरान मौजूदा सरकार के खिलाफ राज्य के सभी क्षेत्रों और वर्गों की शिकायतों को गंभीरता के साथ आम जनता की अदालत में रखा जाएगा। एक महीना व्यापी ‘दमन हटाओ, छत्तीसगढ़ बचाओ’ आंदोलन के दौरान ‘आप’ सभी शोषित प्रताड़ित वर्गों की आवाज बनकर उभरेगी।

close