आशीष के लिए मांगा जन्मदिन का तोहफा

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

IMG_20150913_122442बिलासपुर— पूर्व विधायक लोरमी धरमजीत सिंह का जन्मदिन आज कांग्रेसियों ने बड़े धूम-धाम से मनाया। जगह – जगह केक काटकर उन्हें कांग्रेसियों ने बधाई दी। साथ ही रिचा जोगी का भी आज जन्मदिन मनाया गया। सकरी में चक्काजाम के पूर्व आशीष सिंह ठाकुर की अगुवाई में खुले आसमान के नीचे कार्यकर्ताओं के बीच धरमजीत ने केक काटा। इसके बाद  उपस्थित नेताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेरा जन्मदिन तभी सार्थक होगा जिस दिन यहां के विधायक आशीष सिंह ठाकुर होंगे।

                                                    धरमजीत सिंह ने उपस्थित नेताओं को अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार तानाशाह हो चुकी है। किसानों के साथ अन्याय कर रही है। प्रदेश सूखा के चपेट में है लेकिन मुख्यमंत्री ने अभी तक किसानों के लिए कोई राहत की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि बोनस,समर्थन मूल्य तो दूर लाठीचार्ज में मारे गए केजूराम बारले के परिवार को अभी तक मुआवजा तक नहीं मिला है। धरमजीत ने कहा कि चक्काजाम आम जनमानस की पीड़ा को देखने के बाद कांग्रेस का सोच समझकर उठाया गया है।

                         इस दौरान समर्थकों ने आशीष सिंह ठाकुर और धरमजीत के समर्थन में जमकर नारे लगाये। धरमजीत ने अपने समर्थकों के बीच कहा कि यदि तखतपुर का विधायक आशीष सिंह होते तो इस क्षेत्र की तस्वीर कुछ अलग होती। उन्होंने कहा कि अब सभी को सरकार की करनी और कथनी में भेद पता चल चुका है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद आशीष सिंह को मिलेगा। उसी दिन मेरा जन्मदिन मनाना सार्थक होगा।

                                    इस मौके पर आशीष सिंह ठाकुर करूणा शुक्ला, राजेन्द्र शुक्ला, धर्मेश तिवारी, अभिषेक सिंह, चम्पा पनिक समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद कांग्रेसियों ने सकरी मार्ग के बीच बैठकर चक्काजाम किया।

close