इधर पुलिस कप्तान से मिला निर्देश..2 घंटे में दर्ज हो गए 114 मामले..एसपी का आदेश..SI के हवाले मोपका चौकी

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—- सीपत थाना क्षेत्र से एटीएम चोरी मामले की जानकारी लेकर लौट रहे पुलिस कप्तान अचानक सरकन्डा थाना क्षेत्र स्थित मोपका पुलिस चौकी पहुंचे। मौके पर मौजूद सभी कर्मचारियो से प्रशांत अग्रवाल ने बातचीत की । साथ ही निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा भी लिया। इसके बाद पुलिस कप्तान कार्यालय पहुंचकर यातायाद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान पुलिस कप्तान ने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिया।
 
                                       सीपत थाना क्षेत्र में एटीएम चोरी की घटना की जानकारी लेने के बाद बिलासपुर पहुंचने के पहले पुलिस कप्तान मोपका पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। पुलिस कप्तान ने मौके पर मौजूद सभी जवान और अधिकारियों से बातचीत की। वस्तुस्थिति का जायजा लेने के बाद बिलासपुर रवाना हुए।
 
चौकी में उपनिरीक्षक की नियुक्ति
 
      पुलिस कप्तान कार्यालय पहुंचते ही मोपका क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बनाने और अपराध रोकने पुलिस चौकी में एक उपनिरीक्षक और  आरक्षकों की नियुक्ति का आदेश दिया। पुलिस कप्तान ने पेट्रोलिंग वाहन भी उपलब्ध कराया। पेट्रोलिंग पार्टी मोपका पुलिस सहायता केन्द्र के अन्तर्गत मोपका लगरा और आस पास की कॉलोनियों में गश्त करेगी।
 
यातायात अधिकारियों की बैठक
 
               बिलासपुर पहुंचने के बाद पुलिस कप्तान प्रशांत अग्रवाल ने यातायात पुलिस अधिकारियों के साथ बिलासागुड़ी में बैठक की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश कश्यप,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायातरोहित कुमार बघेल और उप पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र पांडे विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान यातायात संबंधित सभी पांचों थानों के अधिकारी मौजूद थे।
 
                 बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक ने मोटर व्हीकल एक्ट की कार्यवाही में वृद्धि करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रभावी ढंग से मोटर व्हीकल एक्ट की कार्यवाही करने को कहा। 
 
          मौजूद पुलिस अधिकारियों को पुलिस कप्तान ने बताया कि तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट, तेज गति से वाहन चलाने वाले वाहन चालक पर कार्यवाही की जाए। गलत दिशा में वाहन चलाते और  नो पार्किंग पर विशेष नजर रखी जाए। रेड सिग्नल जंपिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
 
 चलाया गया विशेष अभियान
 
      पुलिस कप्तान के विशेष निर्देश के बाद  महामाया चौक सरकन्डा क्षेत्र में शाम 6 से 8  बजे वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 114 प्रकरण दर्ज किए।
close