कर्मचारी नेता का आरोपः कर्मचारियों पर बनाया जा रहा दबाव..जबरदस्ती भेज रहे गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर—– छत्तीसगढ़ शासकीय लिपिक कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि कर्मचारियों को जबरदस्ती नवगठित जिला भेजा जा रहा है। लिपिकों समेत अन्य कर्मचारियों पर लगातार पेन्ड्रा,मरवाही गौरेला जिला में जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। जबकि प्रशासन ने एक आदेश जारी कर कहा था कि कर्मचारियों को स्वीकृति के बाद ही नए जिले में भेजा जाएगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

        लिपिक संघ जिला अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि हम पेन्ड्रा गौरेला मरवाही जिला बनने का स्वागत करते हैं। इसकी बुनियाद बहुत पहले रखी जा चुकी थी। कांग्रेस के दिग्गज नेता राजेन्द्र शुक्ला ने बहुत पहले ही पेन्ड्रा क्षेत्र को जिला बनाए जाने की बात कही थी। इसके अलावा समय समय पर पेन्ड्रा क्षेत्र को जिला बनाने की मांग उठती रही। यह सच है कि पेन्ड्रा मरवाही गौरेला जिला को बहुत पहले बन जाना चाहिए था। लेकिन इसके पहले मुंगेली को जिला बनाया गया। देर ही सही लेकिन पेन्ड्रा को जिला बनाकर मुख्यमंत्री ने जन अपेक्षाओं का सम्मान किया है।

                सुनील यादव ने बताया कि जिला गठन एलान के साथ ही पेन्ड्रा में सेटअप की तैयारी चल रही थी। इस दौरान जिला और पुलिस प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा कि इच्छुक कर्मचारी नवगठित जिला में स्वेच्छा से जा सकते हैं। अब जानकारी मिल रही है कि प्रशासन दबाव बनाकर  कर्मचारियों को भेज रहा है। जिसका हम विरोध करते हैं।

                     सुनील यादव ने कहा कि हमारे पास अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की शिकायत पहुंची है। कि जिला प्रशासन कर्मचारियों को जबरदस्ती पेन्ड्रा जिला भेजना चाहता है। इसका हम पुरजोर विरोध करते हैं। इस प्रकार की शिकायत मुंगेली जिला बनने के बाद भी आयी थी। हमारी मांग है कि कर्मचारियों को डरा धमकाकर नया जिला नहीं भेजा जाए। यदि कोई कर्मचारी स्वेच्छा से जाना चाहता है तो हमें किसी प्रकार का एतराज नहीं है।

             सुनील यादव ने आरोप लगाया है कि जिला एलान के बाद प्रशासन ने सेटअप तैयार नहीं किया। अब गलतियों को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।

close