कलेक्टरों को ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाने का फरमान

Shri Mi
5 Min Read

CM-Photo(6)रायपुर।गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निर्देश पर हर जिले में चार-पांच ग्राम पंचायतों के बीच विशेष शिविर लगाए जाएंगे।इन शिविरों का सिलसिला अक्टूबर से शुरू होगा। प्रथम चरण में ये शिविर अगले तीन माह तक माह-अक्टूबर से दिसम्बर के बीच आयोजित होंगे। शिविर आयोजन के लिए तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड ने इस सिलसिले में शुक्रवार को मंत्रालय से प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को परिपत्र जारी किया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                                           सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी परिपत्र में उन्होंने शिविरों के आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने लिखा है कि गरीबों के कल्याण के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य शासन के ध्यान में यह बात आयी है कि कई स्थानों पर हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है।

                                                          स्थानीय बोलियों में समुचित प्रचार-प्रसार नहीं होना भी इसका एक कारण हो सकता है। इसे ध्यान में रखकर परिपत्र में जिला कलेक्टरों को हितग्राहीमूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार जमीनी स्तर पर स्थानीय बोलियों में भी करवाने और इसके लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। परिपत्र में उनसे कहा गया है कि इसके लिए हर जिले में चार-पांच ग्राम पंचायतों का समूह बनाकर शिविर लगाए जाएं। ये शिविर यथासंभव हाट-बाजार में आयोजित किए जाए, ताकि वहां आने वाले आस-पास के गांवों के लोग शिविर में भी शामिल हो सकें और योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ ले सकें।

                                                         ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले शिविरों के लिए संबंधित राजस्व अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी को संयोजक बनाया जाएगा। इन शिविरों में सभी विभागों के विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी और जिन विभागों में विकासखण्ड स्तर के अधिकारी नहीं है, उनके अनुविभाग स्तर के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। शिविर आयोजन के लगभग एक महीने पहले आयोजन की तारीख और उसके समय का समुचित प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

                                                                मुख्य सचिव ने यह भी कहा है कि ग्राम पंचायतों के बीच होने वाले शिविरों की तरह जनपद  पंचायतों में भी शिविर लगाए जा सकते हैं। इनमें यथासंभव संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर अपने स्तर पर जिले के अपर कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी या अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को जनपद पंचायत स्तरीय शिविर के लिए प्रभारी नियुक्त कर सकते हैं। जनपद पंचायत स्तरीय शिविर तीन महीने में एक बार अवश्य आयोजित किया जाएगा।

                                                           शिविरों के आयोजन की तारीख और समय की जानकारी क्षेत्र के सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष और सरपंचों को भी दी जाएगी। मुख्य सचिव ने लिखा है-ग्राम पंचायत या जनपद पंचायत स्तर के शिविरों में आम जनता के लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रभावी व्यवस्था की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि विभिन्न विभागों द्वारा गरीबी रेखा श्रेणी के लोगों के लिए संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ उन्हें यथासंभव शिविर में ही मिल जाए।

Share This Article
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close