कांग्रेस नेता ने कहा…प्रधानमंत्री की सभा के बाद भी बुरी तरह से हारे अध्यक्ष…उन्हें अपनी राजनीति भी तो बचाना है..

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर–राहुल गांधी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल के बयान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस नेताओं ने धरमलाल के बयान को खिसियानी बिल्ली खंभा नोटे वाला हाल बताया है। मालूम हो कि धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि परास्त हुई राष्ट्रीय पार्टी के नेता राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनने का सवाल ही नहीं उठता है। बयान के बाद कांग्रेस नेताओं ने धरमलाल पर निशाना साधा है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                  धरमलाल कौशिक के राहुल गांधी पर दिए गये बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की हालत खिसियानी बिल्ली खम्बा नोचे जैसी है। धरमलाल कौशिक 2013 विधान सभा चुनाव में करारी शिकस्त पा चुके हैं। शिकस्त को हार भी कहते हैं। हारे हुए व्यक्ति के मुंह से कांग्रेस पार्टी को हारी हुई पार्टी कहना हास्यास्पद है ।

               अटल ने कहा कि धरमलाल ने साल 2013 चुनाव में बिल्हा विधानसभा मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सभा कराया था। करोड़ो खर्च करने के बाद भी चुनाव नही जीत पाए। भारी अंतर से चुनाव हारने के बाद धरमलाल कौशिक को कांग्रेस के बारे में अनाप-शनाप बयान और उनकी पीड़ा को समझा जा सकता है।

                         कांग्रेस महामंत्री ने कहा कि धरम लाल कौशिक लोकसभा ने राज्य सभा मे जाने के लिए फार्म खरीद लिया। लेकिन पार्टी ने उन्हें इस काबिल भी नही समझा कि राज्यसभा भेजा जा सके। साल 2018 में विधानसभा चुनाव में हार से बचने धरम लाल कौशिक ने राज्यसभा के लिए हाथ पैर मारा। लेकिन कामयाब नहीं हुए।

             अटल ने कहा कि कौशिक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्हें अच्छी तरह से पता है कि प्रदेश में भाजपा की विधानसभा चुनाव में क्या हालत होने वाली है। इसलिए रणछोड़कर राज्यसभा जाना चाहते थे। क्योंकि उन्हें अच्छी तरह से पता है कि जनता की तूफान आने से पहले सब कुछ बरबाद हो जाए। राज्यसभा का टिकट कटा लिया जाए।

                     अटल ने कहा कि कांग्रेस मजबूत पार्टी है। राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी मज़बूत हुई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चिंतित होना वाजिब है। उनकी पार्टी के नेताओं ने अच्छे दिन के वादे पर देश -प्रदेश की जनता को मुंगेरी लाल का हसीन सपना दिखाया है। भाजपा नेताओं ने पिछले चुनाव में जनता के खाते में 15-15 लाख  रूपए जमा करने का वादा किया था। विदेशों में जमा काला धन भारत लाने की बात कही थी। भ्रष्टाचार खत्म करने समेत किसानों को धान का 2100 रूपए समर्थन मूल्य और 300 रूपए बोनस देने की बात भी कही थी। सारे वादे या तो हवा में हैं…या फिर पन्नों में दबे हुए हैं।

               प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हार और कुंठा से परेशान हैं। इसलिए मुंह में जो आए बिना सोचे समझे बोल रहे हैं। क्योकि उन्हें अपना अस्तित्व भी तो बचाना है।

Share This Article
close