कापन में बोहनी खराब..150 महिलाओं ने किया शराब दुकान का घेराव..धारा 144 का उल्लंघन..उल्टे पांव लौटी पुलिस

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

जांजगीर चांपा…जिले के कापन में महिलाओं ने शराब दुकान नहीं खुलने दिया। खुलने से पहले ही महिलाओं ने हाथ में डण्डा लेकर शराब दुकान घेर लिया। यद्यपि आबकारी अमला ने सभी को समझाने का प्रयास किया। लेकिन महिलाओ के सामने किसी की एक नहीं चली। डरी सहमी  पुलिस भी धारा 144 का उल्लंघन होते देखती रही। 

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

            जब मामले में कलेक्टर और पुलिस कप्तान से सम्पर्क का प्रयास किया गया..तो किसी ने भी फोन उठाना उचित नहीं समझा। जाहिर सी बात है कि दोनों अधिकारियों से जानकारी नहीं मिल सकी कि आखिर दुकान नहीं खुलने और मौके पर पुलिस टीम की सुस्त भूमिका की वजह क्या थी।  कुल मिलाकर पहले दिन सरकार की बोहनी खराब हो गयी।

                    जानकारी हो कि शासन ने आदेश दिया है कि आज यानि 4 अप्रैल से शराब दुकान खोला जाना है। लेकिन कापन में ऐसा नहीं हो सका। आबकारी टीम के पहुंचने से पहले ही करीब 150 से अधिक महिलाओं ने हाथ में डण्डा लेकर शराब दुकान को घेर लिया। इस दौरान महिलाओं ने आबकारी कर्मचारियों को शराब दुकान नहीं खोलने की धमकी दी।

         सूत्रों की माने तो मामले में आबकारी अमले ने कलेक्टर और पुलिस कप्तान से सम्पर्क किया। दुकान खोलने के लिए पुलिस सुरक्षा मांग की। लेकिन समय पर सुरक्षा नहीं मिलने से दुकान को शाम तक खोला नहीं जा सका। यद्यपि इस दौरान आबकारी विभाग  के अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का  पुरजोर प्रयास किया। लेकिन किसी की एक नहीं चली। 

              बताते चलें कि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि कोरोना वायरस से बचने सबको सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी है। लेकिन कापन शराब दुकान के सामने महिलाओं ने जमकर सोशल डिस्टेंसिंग का माखौल उडाया। नजारे को पुलिस टीम देखती रही। इतना भी प्रयास नहीं किया गया कि प्रदर्शनकारी महिलाएं कम से कम सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।

           एक बार तो ऐसा लगा कि महिलाएं प्रदर्शन से पीछे हट रही हैं। लेकिन स्थानीय नेताओं के बल पर महिलाओं ने दुबारा मोर्चा संभाला। आबकारी विभाग ने इस दौरान कई बार फोन कर हालात की जानकारी पुलिस कप्तान को दी । बावजूद इसके मामले को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया। जिसके चलते पूरे समय तक प्रदर्शनकारी महिलाएं पुलिस पर भारी पड़ती नजर आयी और धारा 144 का उल्लंघन दमदारी से उल्लंघन होता रहा।

अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन

               मामले में जब कलेक्टर जनक पाठक और पुलिस कप्तान पारूल माथुर से सम्पर्क करने का प्रयास किया तो दोनो अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। बताया जा रहा है कि दिनभर की घटना क्रम  की जानकारी रायपुर तक पहुंच गयी है।

  धारा 144 का उल्लंघन..ताकती रही पुलिस

                      इस दौरान कानून व्यवस्था बनाने पहुंची टीम पुलिस टीम धारा 144 का उल्लंघन होते देखती रही। महिलाएं शासन के निर्देशों की धज्जियां उडाते हुए भीड़ में खड़ी रही। देखने में यह भी आया कि बहुत कम महिलाओं ने मास्क पहना था। सोशल डिस्टेंसिंग के पाठ का पालन दूर की बात है। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी होती रही। बावजूद इसके पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। क्षेत्र में महिलाओं की जीत और प्रदर्शन की चर्चा जोरों पर है कि प्रदर्शन को देखते ही पुलिस को उल्टे पांव लौटना पड़ा।

TAGGED: , , ,
close