किरणमयी नायक ने कहा…भाजपा भक्ति से बाज आएं अधिकारी…रूचिर गर्ग ने बताया…जनता का हुआ मोहभंग

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—जिला कांग्रेस कार्यालय में बिलासपुर समेत चार जिलों के प्रत्याशी और अभिकर्ताओं को मतगणना प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 4 जिले के 19 विधानसभा प्रत्याशियों के अलावा 300 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता और अभिकर्ता मौजूद शामिल हुए।मालूम हो कि इस समय कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेता संभाग स्तर पर मतगणना ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन कर कार्यकर्ता को चालाकी का टिप्स दे रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को बिलासपुर कांग्रेस कार्यालय में मुंगेली,कोरबा,जांजगीर और बिलासपुर जिले के अभिकर्ताओं और प्रत्य़ाशियों को ट्रेनिंग दी गयी।
                 संभागीय मतगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में किरणमयी नायक, रूचिर गर्ग समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद पत्रकारो से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता रुचिर गर्ग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से लोगो का मोह भंग हो चुका है। भाजपा नेताओं की नीयत में खोट है। जनता ने बदलाव का फैसला कर लिया है। लेकिन भाजपाई एेन केन प्रकारेण सत्ता में काबिज रहने हथकण्डा अपनाने से बाज नहीं आ रहे है। इन्ही सब बातों को ध्यान में रखकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
                    रायपुर पूर्व महापौर किरणमयी नायक ने कहा कि वक्त बदलाव का है। भाजपा सरकार को जनता ने बाहर जाने का फरमान दिया है। किरणमयी ने जिलों के कलेक्टर और एसपी पर भाजपा भक्ति का आरोप लगाया है। इस दौरान रायपुर की पूर्व महापौर ने बिलासपुर कलेक्टर को भी आड़े हाथ लिया।
                किरणमयी नायक और रूचिर गर्ग ने बताया कि ईवीएम को 3 लेयर सुरक्षा से निकालकर वोट गिने जाएंगे। मतगणना में किसी तरीके की गड़बड़ी ना हो, इसके लिए कांग्रेस ने विशेष प्लान बनाया है। पीसीसी के निर्देश पर कांग्रेस संगठन ने बिलासपुर में 19 विधानसभा प्रत्याशियों और अभिकर्ताओं को विशेष रूप से ट्रेनिंंग देकर सजग रहने को कहा है।
             दोनों नेताओ ने कहा कि मतगणना को लेकर किसी तरह की कोताही नही बर्दाश्त नही की जाएगी। किरणमयी नायक ने कहा कि अधिकारी वर्ग अब भी अपनी भक्ति से बाज आएँ। अन्यथा खामियाजा भुगतने के लिए तैयार रहें। कांग्रेस का एक एक सिपाही अधिकारियों की मनमानी को चलने नहीं देगा।
close