बिलासपुर—- किसानों के साथ किसान नेताओं ने आज जिला कार्यालय पहुंचकर धान खरीदी के समय बेवजह किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। भारतीय किसान संघ के नेताओं ने बताया कि धान खरीदी केन्द्रों में जान बूझकर अव्यवस्था का माहौल बनाया गया है। इसकी मूल वजह धान खरीदी में व्यवधान पैदा किया जाना है।
अच्छी खासी संख्या में भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसान नेता और किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर धान खरीदी में लापरवाही करने का आरोप लगाया है। किसानों ने जिला प्रशासन को बताया कि जिले के किसानों को धान बेचने में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा लगता है कि किसानों को अधिकारी और कर्मचारी जानबूझकर परेशान कर रहे हैं।
किसान नेताओं ने बताया कि जबरिया रकबा समर्पण का रोक लगाया जा रहा है। रकबा में जानबूझकर कटौती की जा रही है। धान खरीदी की सीमा तय कर किसानों को परेशान किया गया है। बेहतर होगा कि धान खरीदी की तारीख को एक महीना बढ़ाया जाए। किसानों ने बताया कि बारदाना की सप्लाई नहीं होने से काफी परेशानी हो रही है। धान खरीदी केन्द्र तक आवागमन की समुचित व्यवस्था नहीं होने से अलग परेशानी हो रही है।
चूंकि धान खरीदी केन्द्र पर किसानों का इन दिनों जमावड़ा है। स्थिति यहां तक बन जाती है कि धान लाने के बाद किसानों को पैदावार की हिफाजत के लिए रात भर चौकीदार करने को मजबूर होना पड़ता है। लेकिन घोषणा के बाद भी केन्द्रों में पेयजल से लेकर शौचालय और प्रतीक्षालय की व्यवस्था नहीं है।
किसान नेता धीरेन्द्र दुबे ने बताया कि यदि किसानों की परेशानियों को दूर नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।