केन्द्र – राज्य मिलकर नया रायपुर को बनाएंगे हरा – भरा

Chief Editor
5 Min Read

vainkaiya

Join Our WhatsApp Group Join Now

रायपुर । केन्द्रीय शहरी गरीबी उन्मूलन, शहरी विकास और आवास मंत्री  वैंकेया नायडू ने कहा है कि केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर नया रायपुर को एक हरे-भरे, सुनियोजित और सर्व-सुविधायुक्त शहर के रुप में विकसित करेंगे। श्री नायडू ने गुरूवार को  नया रायपुर के सेक्टर 24 में केन्द्र सरकार के कार्यालयों के लिए जनरल पूल छह मंजिला कार्यालय काम्पलेक्स भवन का भूमिपूजन करते हुए  ये बातें कहीं। लगभग 72 करोड़ रुपए की लागत से इस परिसर में केन्द्र सरकार के तीस कार्यालयों के लिए लगभग डेढ़ लाख वर्ग मीटर में छह मंजिला भवन बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, लोकसभा सांसद  रमेश बैस और नगरीय विकास मंत्री अमर अग्रवाल इस अवसर पर विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे।
केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नायडू ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग 72 करोड़ रुपए की लागत से 27 माह में इस भवन का निर्माण पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के कार्यालयों के एक ही स्थान पर होने से लोगों को सुविधा होगी। यहां आयकर, केन्द्रीय उत्पाद शुल्क और कस्टम विभाग को छोड़ कर विभिन्न केन्द्रीय विभागों के कार्यालयों रहेंगे। उन्होंने समय सीमा में परदर्शिता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश अधिकरियों को दिए। उन्होंने नया रायपुर की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले समय में नया रायपुर एक आदर्श शहर के माडल के रुप में देश और दुनिया के सामने एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि नया रायपुर को तेजी से विकसित करने के लिए राज्य सरकार अच्छा काम कर रही है। उन्होंने प्रशंसा करते हुए कहा कि नया रायपुर में 26 प्रतिशत हिस्सा हरा-भरा होगा, यहां सायकल ट्रैक का निर्माण भी किया जा रहा है, यहां पहले से स्थित तालाबों को सुरक्षित रखते हुए उनके सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है और इस क्षेत्र के 19 गांवों को वैसे ही रखते हुए वहां आधुनिक सुविधाएं ग्रामीणों को उपलब्ध कराने का प्रशंसनीय कार्य किया जा रहा है। नया रायपुर में आने वाले सौ सालों की जरुरतों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। उन्होंने नया रायपुर को विकसित करने के लिए केन्द्र से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने नया रायपुर में सौर ऊर्जा के उपयोग के प्रबंध, रेनवाटर हार्वेस्टिंग और वाटर सायकलिंग की व्यवस्था के साथ उद्यानों के विकास के लिए भी प्रशंसा की। श्री नायडू ने केन्द्र सरकार के कार्यालयों के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कार्यालय काम्पलेक्स के साथ ही नया रायपुर में केन्द्र सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 729 आवासों का एक सुन्दर परिसर भी लगभग 225 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नया रायपुर के विकास में केन्द्र सरकार के कार्यालयों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

रमन सरकार की तारीफ

केन्द्रीय शहरी गरीबी उन्मूलन, शहरी विकास और आवास मंत्री श्री वैंकेया नायडू ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जिला मुख्यालयों और तहसील मुख्यालयों में संचालित की जा रही लोक सेवा केन्द्रों की योजना की प्रशंसा की है। श्री नायडू ने इन केन्द्रों को आम जनता के लिए काफी उपयोगी बताते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को विशेष रूप से बधाई दी है। केन्द्रीय मंत्री श्री नायडू ने गुरूवार को भिलाई नगर (जिला दुर्ग) के सेक्टर-1 स्थित नेहरू सांस्कृतिक भवन परिसर में जन-कल्याण मेले और विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री एम. वेंकैया नायडू ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में हुए कार्यों की जमकर तारीफ की है। श्री नायडू ने यह भी कहा है कि छत्तीसगढ़ की नया रायपुर विकास परियोजना देश के अन्य राज्यों के लिए भी मॉडल बन सकती है।श्री नायडू  मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित राज्य की शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में स्वच्छ भारत अभियान के प्रस्तुतिकरण में प्रदेश की उपलब्धियों को देखकर काफी प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बैठक में उन्हें बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत छत्तीसगढ़ राज्य में विगत एक वर्ष में एक लाख से ज्यादा घरों में शौचालय निर्माण में उल्लेखनीय सफलता मिली है और हर घर शौचालय-हर घर नल कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ इस दौरान पूरे देश में प्रथम स्थान पर रहा है। श्री नायडू ने इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े सभी विभागों को बधाई दी।

 

close