कौन बनेगा शहर कांग्रेस अध्यक्ष..रिले रेस में कई नाम शामिल..चेहरों ने लगाया ए़ड़ी चोटी का जोर

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद नायक को सहकारी बैंक चैयरमैन की जिम्मेदारी मिलने के बाद कांग्रेस में चर्चा है कि जिला शहर कांग्रेस का नया अध्यक्ष कौन…। बहरहाल इस बात को लेकर कमोबेश सभी जिम्मेदार नेता मौन है। लेकिन दावेदारों ने दांव पेंच लगाना शुरू कर दिया है। अध्यक्ष पद के रिले रेस में कई चेहरे शामिल हैं। सभी के समर्थकों के अपने अपने मजबूत तर्क हैं। लेकिन दांव किसका फिट बैठता है..यह तो समय ही बताएगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                        प्रमोद नायक के जिला सहकारी बैंक चैयरमैन बनने के बाद जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष को लेकर पार्टी के अन्दर से लेकर बाहर तक कई प्रकार के कयास लगाए जाने का क्रम चालू हो गया है। कयास में कितना दम है..बहरहाल बताना थोड़ा मुश्किल है। लेकिन अटल और विधायक समर्थकों में अध्यक्ष पद के लिए चेहरों  को लेकर जमकर चर्चा है।

                           सूत्रों की माने तो बहुत लोग चाहते हैं कि अटल समर्थकों में महेश दुबे को जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नाम आगे किया जा सकता है। महेश दुबे सीनियर नेता होने के साथ ही प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण पद पर काबिज हैं। लेकिन पर्यटन मण्डल चेयरमैन खेमे से छात्र नेता धर्मेश शर्मा भी अध्यक्ष पद के महत्वपूर्ण दावेदारों में से एक है। लोगों की माने तो धर्मेश शर्मा को आने वाले समय में जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल जाए तो आश्चर्य नहीं है। शांत स्वभाव के धर्मेश के पास छात्र राजनीति का लम्बा अनुभव है। लोगों की माने तो अध्यक्ष पद के रिले रेस में सबसे आगे और सौम्य चेहरा धर्मेश शर्मा का ही है। धर्मेश की छवि निर्विवाद भी है।

                 अटल खेमे से ही तेज तर्रार नेता तैयब हुसैन भी अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। बताते चलें कि तैयब हुसैन शहर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। तैयब को विधायक के साथ विवाद के बाद पद से हटना पड़ा था। बावजूद इसके अटल खेमे से बहुत लोग तैयब हुसैन को जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष पद पर देखना चाहते हैं। समर्थकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में तैयब का तेवर काम आएगा।

                                       दूसरी तरफ विधायक शैलेष पाण्डेय गुट से शैलेन्द्र जायसवाल का नाम जिला शहर कांग्रेस के लिए सबसे आगे है। सूत्र की मानें तो विधायक का मानना है कि पेशे से इंजीनियर शैलेन्द्र जायसवाल जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए बेहतर और योग्य चेहरा हैं। पार्षद रहने के दौरान भाजपा नेताओं को घेरने में शैलेष की अहम् भूमिका रही। विधायक खेमे से ताल्लुक रखने वालों की बातों को यदि गंभीरता से लिया जाए तो..शैलेष पाण्डेय को लगता है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए शैलेन्द्र जायसवाल सबसे योग्य चेहरा हैं। जाहिर सी बात है कि विधायक पाण्डेय अध्यक्ष पद के लिेए पूरी ताकत लगाएंगे। अन्दर खाने की माने तो शैलेन्द्र के लिए सारी संभावनाओं पर ऐड़ी चोटी का प्रयास भी किया जा रहा है।

           विश्वस्त सूत्रों के अनुसार फिलहाल जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद नए चेहरे को लेकर सीएम की बिलकुल भी दिलचस्पी नहीं है। खबर यह भी मिल रही है कि किसी नए चेहरे को लेकर बेशक संगठन में चर्चा है..लेकिन सीएम के करीबी फिलहाल किसी परिवर्तन के मूड में नहीं है।

close