खिलाड़ियों को तैयार करने बनेगा दस साल का वर्कप्लान-रमन

Shri Mi
5 Min Read

2687-B♦नहीं होगी वर्कप्लान के लिए बजट की कमी
♦बिलासपुर के खेल प्रशिक्षण केन्द्र को खेलगांव के रूप में विकसित
♦शुरू होगीखिलाड़ियों के लिए दुर्घटना बीमा योजना
रायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती (राष्ट्रीय खेल दिवस) के अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से राज्य खेल अलंकरण समारोह को सम्बोधित किया।सीएम ने संभागीय मुख्यालय बिलासपुर स्थित खेल प्रशिक्षण केन्द्र को खेलगांव के रूप में विकसित करने और राज्य स्तरीय खेल प्राधिकरण बनाने का भी ऐलान किया। साथ ही कहा कि छत्तीसगढ़ के 60 वर्ष की आयु के ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने ओलम्पिक, एशियाड और राष्ट्र मंडलीय खेलों (कॉमनवेल्थ खेलों) में हिस्सा लिया है,उनके लिए पेंशन योजना शुरू की जाएगी। डॉ. सिंह ने खिलाड़ियों के लिए दुर्घटना बीमा योजना शुरू करने की भी घोषणा की।समारोह में राज्य के 103 खिलाड़ियों को विभिन्न खेल पुरस्कारों के अंतर्गत लगभग पौने तीन करोड़ रूपए की पुरस्कार राशि का वितरण किया। डॉ. सिंह ने इस अवसर पर रियो ओलम्पिक 2016 में भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल राजनांदगांव की सुश्री रेणुका यादव को दस लाख रूपए के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                                               सीएम ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए दस वर्ष की वर्कप्लान तैयार की जाएगी। ग्रामीण स्तर पर 8 से 12 वर्ष के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चुनकर उन्हें जिले, संभाग और राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें निःशुल्क प्रशिक्षण और आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। व्यक्तिगत खेलों जैसे एथेलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

                                                                व्यक्तिगत खेलों में बारह से 18 वर्ष के खिलाड़ी जिनका प्रदर्शन राष्ट्रीय रिकार्ड के आसपास होगा, उन्हें सीधे चुनकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। अच्छा प्रदर्शन करने वाले पुलिस के जवानों सहित दूसरे विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को भी इस योजना में राज्य स्तरीय अकादमी में खेलों के राष्ट्रीय प्रशिक्षकों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

                                                          राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्धाओं में पदक जितने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार के खर्च पर राष्ट्रीय स्तर के खेल संस्थानों में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। प्रदेश की नई खेल नीति के तहत इस वर्कप्लान के क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तर पर और संभाग स्तर पर मंत्रियों की देख-रेख में समितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को तैयार करने की इस वर्कप्लान के लिए बजट की कमी नहीं होगी।

                                                        इस मौके पर कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले, लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, महिला एवं बाल विकास मंत्री रमशीला साहू, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष देवजी भाई पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कमल चंद्र भंजदेव, विधायक द्वय श्रीचंद सुंदरानी और सत्यनारायण शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सोनमणि बोरा और नगर निगम रायपुर के महापौर प्रमोद दुबे और जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष शारदा वर्मा, छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव बलदेव सिंह भाटिया, भारतीय ओलम्पिक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य विक्रम सिसोदिया सहित खेल एवं  संचालक खेल एवं युवा कल्याण अविनाश चम्पावत भी उपस्थित थे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close