पहले गौरव पथ के भ्रष्टाचारियों पर करें कार्रवाई–कांग्रेस

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

congress- panjaबिलासपुर— कांंग्रेस नेताओं ने आज नगरीय निकाय मंत्री पर निशाना साधा है। कांग्रेसियों ने आज प्रेस नोट जारी करते हुए कहा है कि लोगों का ध्यान हटाने के लिए मंत्री अधिकारियों और भाजपा नेताओं को गीदड़ भभकी दे रहे हैं। अच्छा होगा कि मंत्री निगम के अधिकारियों के खिलाफ सीधे कार्रवाई करके दिखाएं।

                                          मालूम हो कि भाजाप के पश्चिम मंडल के वार्ड एक से लेकर ग्यारह में कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री अमर अग्रवाल ने अधिकारी,कर्मचारी ,ठेकेदार और भाजपा नेताओं को जमकर फटकारा था। उन्होंने निगम उपायुक्त और इंजीनियरों को  कहा था कि काम नहीं करना हो तो घर बैठें। नाराज मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के ठिकानों पर ईओडब्लू का छापा पड़ना जरूरी है। उन्होने महापौर को भी जमकर फटकारा था। ठेकेदारो को लिस्टेड करने की भी धमकी दी । अमर अग्रवाल ने अधिकारियों और नेताओं को कहा कि ठेकेदारी और नेतागिरी एक साथ नहीं होगी। सभी लोग अपनी आदतों से बाज आएं।

                          मंत्री के फटकार के बाद कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव ने आज कहा कि लोगों का ध्यान भ्रष्टाचार से हटाने के लिए सोची समझी रणनीति का हिस्सा है।  मंत्री जी पहले गौरव पथ के जिम्मेदार भ्रष्ट अधिकारियों को हटाकर दिखाएं । केवल धमकी से कुछ होने जाने वाला नहीं है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर और निगम नेता प्रतिपक्ष नजरूद्दीन ने बताया कि मंत्री महापौर, एम.आई. सी. के सदस्यों की कमियों को छिपाने लिए केवल बयानबाजी कर रहे हैं।

                          कांग्रेस नेताओं ने बताया कि शहर कांग्रेस और पार्षद दल ने मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार आंंदोलन  किया है। आन्दोलनों में जनता की भागीदारी देखकर भाजपा नेता घबरा गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के महापौर, एम.आई सी सदस्य और सभापति कमीशन में बंटवारे को लेकर खुलेआम लड़ रहे हैं।  भाजपा नेताओं के झगड़ों और कांग्रेस की सक्रियता से परेशान होकर मंत्री वार्डो में घूमकर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। क्या उन्हें नहीं पता कि विद्यानगर और पावर हाउस स्थित सड़कों की क्या हालत है। सच्चाई तो यह है कि उन्हें सब कुछ पता है लेकिन करना कुछ नहीं चाहते हैं। केवल धमकी देकर लोगों को ध्यान बांटने का काम कर रहे हैं।

close