गौरांग मौतः सर्वदलीय मंच ने निकाली रैली

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

IMG-20160727-WA0356बिलासपुर– सर्वदलीय मंच के बैनर तले आज पत्रकारों सामाजिक संगठनों, विभिन्न दलों के नेताओं और गणमान्य प्रबुद्धजनों ने गौरांग के लिए न्याय की मांग करते हुए प्रेसक्लब से मैग्नेटो मॉल तक रैली निकाली। रैली में कांग्रेस और भाजपा नेताओं के अलावा गौरांग माता पिता और बहन भी शामिल हुई। सभी एक सुर में गौरांग के लिए मांग की। मैग्नेटो माल के पास पहुंचकर रैली आमसभा में बदल गयी। गौरांग की बहन वेदान्ती,पिता श्रीरंग बोबड़े और गौरांग की मॉ ने उपस्थित लोगों को धन्यवाद जाहिर करते हुए गौरांग को न्याय दिलाने अंतिम दम तक भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ लड़ने को कहा।

                 प्रेस क्लब में पदेन अघ्यक्ष शशिकांत कोन्हेर के अगुवाई में बैठक के बाद सर्वदलीय मंच की रैली दोपहर करीब डेढ़ बजे मैग्नेटो मॉल के लिए रवाना हुई। रैली के दौरान सभी ने गौरांग के लिए न्याय की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव,राजेन्द्र शुक्ला,नरेन्द्र बोलर,जसबीर गुम्बर,रिषी पाण्डेय,हरमेन्द्र शुक्ला,जफर भाई भाजपा नेता प्रवीण दुबे,आलेख वर्मा समेत शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे। मैग्नैटो मॉल पहुचने के बाद रैली ने आम सभा का शक्ल ले लिया। आमसभा को प्रेस क्लब अध्यक्ष शशिकांत कोन्हेर, वेदान्ती बोबड़े,श्रीरंग बोबड़े और मृतक की मां ने संबोधित किया।

                     चौक पर आमसभा को संबोधित करते हुए वेदान्ती बोबड़े ने कहा कि मेरे भाई की हत्या हुई है। हत्यारों को सोची समझी रणनीति के तहत बचाया जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम में भयंकर साजिश हुई है। इसमें पुलिस प्रशासन भी शामिल है। वेदान्ती ने कहा कि अब बात केवल गौरांग की नहीं रह गयी है। बात बिलासपुर के युवाओं का हो गया है। मरने वाला अब हमारे बीच में नहीं रहा। लेकिन यदि जांच की यही प्रक्रिया रही तो न्यायधानी का कोई भी युवा और आमजनता सुरक्षित नहीं है। जब न्यायधानी में ही न्याय नहीं मिलेगा तो गरीब लोग जाएंगे कहां।

                                सभा को संबोधित करते हुए श्रीरंग बोबड़े ने कहा कि यदि गौरांग को न्याय नहीं मिला तो जनता का न्याय से भरोसा उठ जाएगा। न्यायधानी कलंकित हो जाएगी। श्रीरंग ने कहा कि गौरांग की सीढ़ी से गिरने से मौत नहीं हुई है। गौरांग की हत्या की गयी है। हत्यारों को प्रशासन बचाने का प्रयास कर रहा है। साक्ष्य को छिपाया जा रहा है। रसूखदारों ने न्याय को खरीदने का प्रयास किया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि बिलासपुर वासियों के सहयोग से गौरांग को जरूर न्याय मिलेगा। श्रीरंग ने बताया कि युवाओं को सामने आना ही होगा। अन्यथा यदि इसी तरह से मामले को दबा दिया गया तो इसका परिणाम एक ना एक दिन सभी को भुगतना होगा। बोबड़े ने कहा कि गौरांग की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ेंगे।

                रूंधे गले से गौरांग की मां ने भी सभा को संबोधित किया। सिस्टम के खिलाफ उन्होने भी आक्रोश जाहिर किया। गौरांग की मां ने बताया कि इसके पहले लोगों का न्याय से विश्वास खत्म हो हमें मिलजुलकर गौरांग के हत्यारों को जेल के पीछे भेजना होगा।

                               उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सर्वदलीय मंच के अध्यक्ष शशिकांत कोन्हेर ने कहा कि जांच के बाद जो कुछ सामने आया वह किसी से छिपा नहीं है। आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की भूमिका काफी संदिग्ध है। मंच सबके साथ अंत तक गौरांग के लिए न्याय की लड़ाई लड़ेगा। कोन्हेर ने कहा कि गुरूवार को गुरूवार को एक बजे प्रेस क्लब से सर्वदलीय मंच के सभी साथी रैली की शक्ल में पुलिस कप्तान के कार्यालय जाएंगे। दरवाजे पर सभी लोग गुलाब का फूल भेंट करेंगे। कोन्हेर ने बताया कि मंच रणनीति के तहत गौरांग के लिए व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करेगा।

close