छत्तीसगढ़ के हर जिले में जनभागीदारी से बनेगा – ऑक्सीजोन …..

Chief Editor
4 Min Read

oxizoneरायपुर । मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य के सभी जिलों में पर्यावरण की स्वच्छता, शुद्धता और सुरक्षा के लिए जनभागीदारी से ऑक्सीजोन विकसित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने गुरूवार को  दोपहर नया रायपुर के ग्राम थनौद में हरियर छत्तीसगढ़ योजना के तहत प्रदेश व्यापी वृक्षारोपण महा अभियान का शुभारंभ करते हुए वन महोत्सव में यह घोषणा की। प्रदेश के नागरिक अगर अपने पास उपलब्ध भूमि में से तीन से पांच एकड़ तक जमीन पर ऑक्सीजोन बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए वन विभाग में अपना पंजीयन करवा सकते हैं। इसी तरह अगर कोई नागरिक स्वयं की दस एकड़ जमीन में से एक एकड़ में वृक्षारोपण करना चाहे, तो इसके लिए भी सरकार उसे पौधे उपलब्ध कराएगी। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में सभी लोगों से जुड़ने की अपील की है।
उन्होंने समारोह में कहा- उन्होंने कहा कि जब तक पृथ्वी पर वृक्ष हैं, तब तक जीवन है। प्रकृति ने पेड़-पौधों को मानव जीवन के हिसाब से बनाया है। पेड़ लगाने वालों को लोग पीढ़ियों तक याद रखते हैं।
डॉ. सिंह ने इसके लिए हरियर छत्तीसगढ़ वृक्षारोपण महा अभियान में सभी लोगों से जुड़ने का आव्हान किया। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि आज थनौद में आयोजित वृक्षारोपण समारोह में काफी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं सहित आम जनता ने भी उत्साह के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
उन्होंने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा- प्रदेश भर में आज 8.02 करोड़ पौधे लगाने का जो अभियान शुरू हुआ है, वह वन महोत्सव के रूप में अगले माह अगस्त में भी जारी रहेगा। सबके सहयोग से पौधे लगाए जाएंगे। कौन से जिले में कितने पौधे लगाए गए हैं, उसकी जानकारी वेबसाईट पर भी प्रदर्शित की जाएगी। डॉ. सिंह ने सभी लोगों से लगाए गए पौधों की बेहतर देखभाल करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि नया रायपुर लगभग 32 प्रतिशत हरित क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव का किया स्वागत
मुख्यमंत्री ने आज के समारोह में उपस्थित प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव का विशेष रूप से उल्लेख किया। डॉ. सिंह ने उनका स्वागत करते हुए कहा-डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव प्रदेश के वरिष्ठ नेता होने के अलावा पेड़-पौधों के लिए चिन्ता करने वाले तथा समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं। उन्होनें अपना पूरा जीवन पर्यावरण जागरूकता के लिए समर्पित कर रखा है।

मुख्यमंत्री ने दी मुनगा खाने की सलाह
डॉ. रमन सिंह ने वन महोत्सव में आज लगाए गए मुनगा के पौधों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके फल में काफी मात्रा में आयरन होता है, जो शरीर में खून की कमी को भी दूर करता है। लोगों को अपने घर की बाड़ी में मुनगे का पेड़ जरूर लगाना चाहिए। मुनगा काफी पौष्टिक होता है। उन्होंने सभी लोगों को मुनगा खाने की सलाह दी।

close