भटका बायसन पहुंचा केन्द्रीय विश्वविद्यालय..DFO ने कहा गतिविधियों पर नजर..सुबह तक अचानकमार जंगल पहुंचा देंगे

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर—-अचानकमार जंगल क्षेत्र शिवतराई से भटकते हुए बायसन गौर केन्द्रीय विश्वविद्यालय के जंगल  पहुंच गया है। खबर मिलने के बाद वन प्रशासन अमला पिछले तीन चार घंटों से रेस्क्यू टीम के साथ सक्रिय है। डीएफओ सत्यदेव शर्मा ने बताया कि कानन पेन्डारी की रेस्क्यू टीम प्रयास कर रही है कि बायसन को शहरी क्षेत्र से निकालकर अचानकमार जंगल की तरफ खदेड़ा जाए। फिलहाल बायसन इस समय इंजीनियरिंग कालेज के पीछे घनी झा़ड़ियों के बीच में है। उसे टीम के सहयोग से बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

       शाम करीब 6 बजे के आसपास केन्द्रीय विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने प्रबंधन को बताया कि सामान्य भैसों से मिलता जुलता उग्र भैंस विश्वविद्यालय की झाड़ियों में घूम रहा है। प्रबंधन ने देर नहीं करते हुए तत्काल वन विभाग को बताया कि एक भारी भरकम बायसन गौर विश्वविद्यालय के जंगलों में घूम रहा है। खबर मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा गया। इस दौरान टीम के साथ डीएफओ सत्यदेव शर्मा भी पहुंचे। काफी छानबीन के बाद वन अमला को बायसन गौर विश्वविद्यालय के जंगलों के बीच घास चरता हुआ दिखाई दिया।

                 डीएफओ सत्यदेव शर्मा ने बताया कि बायसन गौर उग्र स्वभाव का होता है। रेस्क्यू के पहले विश्वविद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि छात्र बाहर ना निकले। इसके अलावा टीम लगातार बायसन पर नजर बनाए हुए है। शर्मा ने बताया कि बायसन गौर लगातार स्थान बदल रहा है। टीम का प्रयास है कि उसे जल्द से जल्द सुरक्षित जंगल की तरफ भगाया जाए।

                 सत्यदेव शर्मा ने जानकारी दी कि बायसन गौर अचानकमार जंगल के शिवतराई क्षेत्र से भटक कर शहर पहुंचा है। वह चरते हुए अरपा नदी के किनारे किनारे  विश्वविद्यालय तक पहुंच गया। जानकारी के बाद रेस्क्यू टीम बायसन को सुरक्षित जंगल की तरफ भागने का प्रयास कर रही है। इस समय वह इंजीनियरिंग कालेज के पीछे जंगल में छिपा है। उस पर टीम की बराबर नजर है। देर रात्रि तक उसे अचानकमार जंगल की तरफ खदेड़ दिया जाएगा।     

             फिलहाल बायसन ने अभी तक किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है।

close